चंडीगढ़: मार्च के अंतिम सप्ताह में हरियाणा ने मौसम में करवट बदल ली है। बीते कल 26 मार्च की शाम दक्षिण हरियाणा के रेवाड़ी, रेवाड़ी और नारनौल के आसपास के इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं आज सुबह की शुरूआत गुरुग्राम और फरीदाबाद में बिजली कड़कने के साथ हुई और कुछ देर तक जमकर तेज बारिश भी हुई।
पश्चिम विक्षोभ के एक्टिव होने के कारण बदला मौसम
मौसम विभाग के द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, पश्चिम विक्षोभ एक्टिव होने की वजह से मौसम का मिजाज बदल गया है। इस बदले हुए मौसम का असर पूरे प्रदेश में देखने को मिल रहा है। आगामी 30 मार्च तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। आज उत्तरी और पूर्वी हरियाणा के जिलों अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल व आसपास क्षेत्रों में बारिश होने की आशंका जताई गई है।
किसानों को अलर्ट रहने की सलाह
मौसम विभाग की माने तो 28 और 29 मार्च को हरियाणा के अधिकतर हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ का असर और अधिक बढ़ेगा। ऐसे में प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग की ओर से किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है, क्योंकि तेज हवाएं और बारिश फसलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं।
https://x.com/IMD_Chandigarh/status/2037077986521010546?s=20
कैसा रहेगा प्रदेश का अधिकतम और न्यूनतम तापमान
आपको बता दें कि प्रदेश में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। औसत 2.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के साथ तापमान सामान्य से करीब 2.7 डिग्री ऊपर बना हुआ है। वहीं करनाल में सबसे कम 15.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि अधिकांश जिलों में यह 16 से 20 डिग्री के बीच रहा। भिवानी, रोहतक और गुरुग्राम जैसे जिलों की बात करें तो यहां पर तापमान 18 से 20 डिग्री के आसपास दर्ज हुआ।
प्रदेश में अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रदेश में औसतन 1.1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई और तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री ऊपर बना हुआ है। सबसे अधिक तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस नूंह में रिकॉर्ड किया गया। हिसार, सिरसा, फतेहाबाद व रोहतक में तापमान 32 से 34 डिग्री के बीच रहा। जबकि चंडीगढ़ में 32.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।






