हरियाणा सरकार की ओर से रबी सीजन 2026 को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई है। मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हाई पावर परचेज कमेटी (HPPC) की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में गेहूं और सरसों जैसी रबी फसलों की खरीद व्यवस्था को लेकर समीक्षा की गई और साथ ही जरूरी निर्णय भी लिए गए।
बोरियों की खरीद पर खर्च किए जायेंगे 470 करोड़ रूपए
हाई पावर्ड परचेज कमेटी की इस बैठक में रबी 2026-2027 सीजन के लिए भंडारण व्यवस्थाओं को सुरक्षित बनाने के लिए कई सारे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। गेहूं के सुरक्षित भंडारण के लिए जूट बैगों तथा अन्य बैगों की खरीद को मंजूरी दी गई। किसानों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार की ओर से यह फैसला लिया गया। इन बोरियों की खरीद पर 470 करोड़ रूपए खर्च किए जायेंगे। इन बोरियों का उपयोग फसलों के भंडारण और सुरक्षित परिवहन के लिए किया जाएगा, ताकि किसानों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने दिए अधिकारियों को निर्देश
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, समयबद्ध और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाये, जिससे सरकारी संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग हो सके। मुख्यमंत्री की ओर से कहा गया कि हरियाणा सरकार प्रदेश के किसानों के हितों की रक्षा और कृषि उत्पादों के सुरक्षित भंडारण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
ये भी पढ़ें- https://ncrplusnews.com/2026/03/27/bad-weather-will-remain-in-haryana-for-3-days-farmers-advised-to-remain-alert/
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रबी सीजन की तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जायें जिससे मंडियों में आने वाली फसल के प्रबंधन में किसी भी तरह की परेशानी ना हो। आपको बता दें कि इस बैठक में हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हाईलाइट्स :
- हरियाणा में रबी सीजन 2026-27 की तैयारियां तेज
- सीएम नायाब सिंह सैनी की अध्यक्षता में HPPC बैठक
- गेहूं-सरसों खरीद व्यवस्था की समीक्षा
- बोरियों की खरीद पर 470 करोड़ रुपये खर्च
- खरीद प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध रखने के निर्देश






