हरियाणा सरकार की ओर से नियम 134A के अंतर्गत गरीब बच्चों को पढ़ाने वाले प्रदेश के सात जिलों के प्राइवेट स्कूलों के लिए 13.88 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। 13.88 करोड़ रुपये की यह राशि अंबाला, फतेहाबाद, गुरुग्राम, कैथल, महेंद्रगढ़, पंचकूला और रोहतक के 334 प्राइवेट स्कूलों को फीस की प्रतिपूर्ति की जाएगी।
प्राइवेट स्कूल संघ ने जताया आभार, बाकी जिलों के लिए फंड जारी करने की मांग
प्राइवेट स्कूल संघ के प्रदेश अध्यक्ष सत्यवान कुंडू ने बकाया फंड जारी करने के लिए मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी और राज्य के शिक्षामंत्री महीपाल ढांडा का आभार जताया है। इसके साथ ही उन्होंने बाकी जिलों का फंड भी जल्द करने करने की मांग की है। आपको बता दें कि शिक्षा विभाग ने इससे पहले ही नियम 134 के अंतर्गत गरीब बच्चों को पढ़ाने वाले प्राइवेट स्कूलों की फीस की प्रतिपूर्ति के लिए 30 करोड़ रूपये स्वीकृत किए हैं।
नियम 134-A के तहत छात्रों के लिए तय की गई प्रतिपूर्ति दरें
शैक्षणिक सत्र 2015-16, 2016-17 और 2017-18 के लिए नियम 134-A के अंतर्गत प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित प्राइवेट स्कूलों को दूसरी से पांचवीं तक के लिए 200 रुपये प्रति छात्र की दर से और कक्षा छठी से आठवीं तक के छात्रों के लिए 300 रुपये प्रति छात्र की दर से प्रतिपूर्ति की जाएगी। जबकि शहरी क्षेत्रों में दूसरी से पांचवीं तक 300 रुपये प्रति छात्र और छठी से आठवीं तक 400 रुपये प्रति छात्र के हिसाब से भुगतान किया जाएगा।
![]()
वहीं शैक्षणिक सत्र 2018-19 से 2020-21 के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित स्कूलों को दूसरी से पांचवीं तक के छात्रों के लिए 300 रुपये और छठी से आठवीं तक के छात्रों के लिए 500 रुपये की दर से हर छात्र के हिसाब से भुगतान किया जाएगा।
हाइलाइट्स
- हरियाणा में 7 जिलों के 334 प्राइवेट स्कूलों को 13.88 करोड़ जारी
- नियम 134-A के तहत गरीब बच्चों की फीस प्रतिपूर्ति
- अंबाला, गुरुग्राम, पंचकूला समेत सात जिलों को मिलेगा लाभ
- प्राइवेट स्कूल संघ ने जताया आभार, बाकी जिलों के लिए फंड की मांग
- सरकार ने पहले ही 30 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की






