हरियाणा के कैथल जिले में जारी सघन नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने एक फर्जी मेजर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि जम्मू-कश्मीर के रहने वाले 26 वर्षीय मेहराजुद्दीन आजम ने शादी डॉट कॉम पर फर्जी आईडी बनाकर हिंदू युवतियों के साथ फ्रॉड किया। आरोपी ने शादी डॉट कॉम पर निशांत सहारण के नाम से फर्जी आईडी बना रखी है और खुद को भारतीय सेना का मेजर बनाकर युवतियों के साथ फ्रॉड किया है। आरोपी के पाकिस्तानी कनेक्शन होने की आशंका जताई जा रही है हालांकि अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है।
कैब तलाशी के दौरान हुआ खुलासा
इस बात का खुलासा उस वक्त हुआ जब कैथल पुलिस ने तितरम मोड़ पर वाहनों की जांच के दौरान एक कैब को रुकवाया। कैब में बैठे युवक ने खुद को सेना में मेजर बताया। शक होने पर जब पुलिस ने आईडी कार्ड मांगा तो युवक दिखा नहीं पाया। आरोपी ने चंडीगढ़ से सेना की वर्दी खरीदी थी। तलाशी लेने पर आरोपी के बैग से सेना की वर्दी, मेजर रैंक के बैज और कई फर्जी दस्तावेज बरामद हुए। दस्तावेजों की जांच में गड़बड़ी सामने आने पर पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी का असली नाम मेहराजुद्दीन आजम है। वह हिसार में शादी के लिए एक युवती और उसके परिवार वालों से मिलने के लिए जा रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी ने युवती से 30 हजार रूपये ठगे भी हैं। खुलासा होने पर युवती के परिवार ने आरोपी के खिलाफ आजाद नगर थाने में शिकायत दर्ज करायी है।
लंबे वक्त से ठगी को दे रहा है अंजाम
मेहराजुद्दीन आजम श्रीनगर का रहने वाला है। असलियत में यह एक रेस्टोरेंट में वेटर काम करता था लेकिन लंबे वक्त से यह निशांत सहारण’ नाम की फर्जी आईडी बनाकर घूम रहा था। आरोपी लंबे समय से इस तरह की ठगी को अंजाम दे रहा है और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को बेवकूफ बना रहा है। आरोपी को हिसार पुलिस के हवाले कर दिया गया है, जहां उससे पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की रिमांड के दौरान ही स्पष्ट हो पाएगा कि ये शातिर ठग है या फिर इसका कोई पाकिस्तान कनेक्शन है।
हाईलाइट्स:
- कैथल में सघन नाकेबंदी के दौरान फर्जी मेजर गिरफ्तार
- आरोपी ने शादी डॉट कॉम पर ‘निशांत सहारण’ नाम से बनाई फर्जी आईडी
- खुद को भारतीय सेना का मेजर बताकर हिंदू युवतियों को बनाया निशाना
- जम्मू-कश्मीर निवासी 26 वर्षीय मेहराजुद्दीन आजम निकला असली आरोपी
- पुलिस जांच में सेना की वर्दी, मेजर रैंक बैज और फर्जी दस्तावेज बरामद
- चंडीगढ़ से खरीदी थी सेना की वर्दी, आईडी दिखाने में हुआ फेल
- हिसार में युवती से मिलने जा रहा था, 30 हजार रुपये ठगने का आरोप
- लंबे समय से सोशल मीडिया के जरिए ठगी को दे रहा था अंजाम
- पाकिस्तानी कनेक्शन की आशंका, फिलहाल पुष्टि नहीं
- आरोपी को हिसार पुलिस के हवाले किया गया, पूछताछ जारी
ये भी पढ़ें- पंचकूला में सजेगी सुरों की महफिल, लाइव परफॉर्म करेंगे सतिंदर सरताज






