
रोहतक। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया इंचार्ज Anurag Dhanda ने एलपीजी गैस और बढ़ती महंगाई को लेकर प्रधानमंत्री Narendra Modi पर सवाल उठाए हैं।
रोहतक में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अनुराग ढांडा ने कहा कि पूरा देश आज प्रधानमंत्री प्रायोजित महंगाई की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण ही देश को इस स्थिति में खड़ा किया गया है। उनका कहना है कि तेल और गैस का बड़ा हिस्सा ईरान से आता है, लेकिन सरकार ने अपने रिश्ते बिगाड़ लिए हैं, जिसके कारण स्थिति और खराब हो रही है।
उन्होंने कहा कि युद्ध जैसी परिस्थितियों के चलते एलपीजी की शॉर्टेज हो गई है और कई जगह सप्लाई बंद होने की स्थिति बन गई है। इससे होटल और फैक्ट्रियां प्रभावित हो रही हैं और लाखों लोगों का रोजगार खतरे में पड़ सकता है। ढांडा ने कहा कि एलपीजी सिलेंडर के लिए आम जनता परेशान है और आने वाले समय में पेट्रोल व डीजल के दाम बढ़ने का भी खतरा है।
अनुराग ढांडा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति Donald Trump की कठपुतली बनकर काम कर रहे हैं।
वहीं, कांग्रेस नेता Rahul Gandhi के हरियाणा दौरे को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। ढांडा ने कहा कि संसद में स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर बड़ी चर्चा हुई, लेकिन उस दौरान राहुल गांधी और प्रधानमंत्री मोदी सदन में मौजूद नहीं थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में टिकट देने के बदले पैसे लेने के जो आरोप लग रहे हैं, उन पर राहुल गांधी को जवाब देना चाहिए। साथ ही उन्होंने हरियाणा विधानसभा सत्र को महज भत्ते लेने वाला सत्र बताते हुए कहा कि इस सत्र में प्रदेश के हित में कोई ठोस प्रस्ताव नहीं आया और जनता लगातार परेशान है।






