चंडीगढ़: 1 नवंबर 2026 को एशियन हॉकी चैंपियन ट्रॉफी के दौरान भारत का मुकाबला पाकिस्तान के साथ होगा। खिलाड़ियों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएम भगवंत सिंह मान की ओर से यह घोषणा की गई। इस दौरान सीएम मान ने 45 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खिलाड़ियों के बीच बांटी और साथ कई प्रकार की घोषणायें भी की।
पंजाब सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा के लिए प्रयासरत
सीएम मान ने ऐलान करते हुए कहा कि 1 नवंबर को पंजाब में भारत और पाकिस्तान के बीच हॉकी मुकाबला करवाया जाएगा। सीएम के इस ऐलान के बाद कार्यक्रम में मौजूद खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खास उत्साह देखने को मिला। सीएम भगवंत मान ने कहा कि पंजाब की धरती ने हमेशा देश को बेहतरीन खिलाड़ी दिए हैं और राज्य सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
पंजाब को खेलों का बड़ा केंद्र बनाया जाएगा
सीएम ने कहा, खेलों को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और आने वाले समय में पंजाब को खेलों का बड़ा केंद्र बनाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान 1070 खिलाड़ियों को विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने पर 27 करोड़ 70 लाख रुपये की इनामी राशि देकर सम्मानित किया गया।
इन खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, हरलीन दियोल और अमनजोत कौर को डेढ़-डेढ़ करोड़ रुपये की राशि देकर सम्मानित किया गया। शूटिंग खिलाड़ी अमनप्रीत सिंह को 1 करोड़ 54 लाख 20 हजार रुपये, नीरज कुमार को 1 करोड़ 52 लाख 25 हजार रुपये और किरनदीप कौर को 1 करोड़ 51 लाख 25 हजार रुपये की इनामी राशि दी गई।
इसके अलावा पावरलिफ्टिंग खिलाड़ी परमजीत सिंह को 55 लाख रुपये, शूटर अर्जुन सिंह चीमा को 54 लाख रुपये, अक्षय जैन को 51 लाख 50 हजार रुपये और कृतिका शर्मा को 50 लाख रुपये दिए गए। शूटिंग खिलाड़ी सिफ्त कौर समरा को 34 लाख रुपये, बैडमिंटन खिलाड़ी राज कुमार को 30 लाख रुपये तथा विजयवीर सिद्धू को 28 लाख 50 हजार रुपये की राशि से सम्मानित किया गया।
इसी तरह सिमरनप्रीत कौर बराड़ को 26 लाख 55 हजार रुपये, कुशल कुमार को 25 लाख रुपये, भवतेघ सिंह गिल को 24 लाख 50 हजार रुपये, पलक कोहली को 22 लाख 75 हजार रुपये और अर्शदीप कौर को 21 लाख 95 हजार रुपये की राशि मिली।






