अंबाला हत्याकांड का आरोपी एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार, पुलिस जवान घायल

SHARE:

अंबाला हत्याकांड का आरोपी एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार, पुलिस जवान घायल

Ambala: बीते शनिवार को अंबाला के शहजादपुर स्थित बिचपड़ी गांव में हुए ट्रिपल हत्याकांड ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी। इस हत्याकांड मामले में अंबाला CIA-1 की टीम ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। CIA-1 की टीम ने एक ही परिवार की तीन सदस्यों बड़ा भाई, चाचा और दादी की हत्या करने वाले अभिषेक को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। अभी अभिषेक की चाची जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है। यह पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई थी।

अपराधी ने पुलिस पर की ताबड़तोड़ फायरिंग

अंबाला सीआईए-1 के इंचार्ज हरजिंदर सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी अभिषेक वारदात को अंजाम देने के बाद से ही फरार चल रहा था। पुलिस की टीम जब इलाके में गश्त पर थी, तभी अभिषेक अपनी मोटरसाइकिल पर भागता हुआ नजर आया। पुलिस को देखकर उसने बाइक खेतों की तरफ दौड़ा दी। जब पुलिस ने उसे चारों तरफ से घेर लिया, तो इस शातिर अपराधी ने पुलिस टीम पर ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस और अपराधी के बीच खेतों में सनसनीखेज मुठभेड़ हुई। इस दौरान दोनों तरफ से कुल 8 राउंड फायरिंग की गई।

फायरिंग में एक पुलिस जवान घायल

आरोपी की ओर से चलाई गई गोली में एक पुलिस जवान भी घायल हो गया। वहीं पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी अभिषेक की टांग में दो गोलियां लगीं, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। सीआईए-1 की टीम घायल आरोपी को तुरंत अंबाला अस्पताल लेकर आई, जहां भारी सुरक्षा के बीच उसका इलाज चल रहा है।

जानकारी के लिए आपको बता दें कि आरोपी अभिषेक ने अपने ही बड़े भाई, सगे चाचा और सगी दादी की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी। इस जानलेवा हमले में अभिषेक की चाची भी गंभीर रूप से घायल हुई थीं, जो इस वक्त अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही हैं।

Join us on:

Leave a Comment