करनाल: हरियाणा सरकार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश महासचिव एडवोकेट वेदपाल को हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (HSAMB) का चेयरमैन नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति की घोषणा होते ही प्रदेशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। शनिवार को उनके पैतृक गांव रसूलपुर खुर्द स्थित आवास पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे और उन्हें बधाई दी।
वेदपाल जिले के वरिष्ठ भाजपा नेताओं में गिने जाते हैं। उन्होंने वर्षों तक पार्टी संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वे 1991 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े थे और तभी से लगातार संगठन में सक्रिय रहे हैं। भाजपा में रहते हुए उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं और संगठन के विस्तार में योगदान दिया। वेदपाल ने वर्ष 2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में कैथल जिले की पुंडरी विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। हालांकि वह चुनाव नहीं जीत सके, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने पार्टी और जनता के बीच अपनी सक्रियता बनाए रखी तथा जनहित के मुद्दों को लगातार उठाते रहे।
नियुक्ति के बाद वेदपाल ने पार्टी नेतृत्व और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ काम करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों का कल्याण और कृषि विपणन व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी। वेदपाल ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। कृषि मंडियों को और अधिक सशक्त बनाने, किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा कृषि विपणन प्रणाली को आधुनिक बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वह स्वयं किसान परिवार से आते हैं, इसलिए किसानों की समस्याओं और जरूरतों को अच्छी तरह समझते हैं। किसानों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिले और उनकी आय बढ़े, इसके लिए बोर्ड के माध्यम से प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। साथ ही कृषि क्षेत्र से जुड़े सभी पक्षों के साथ समन्वय स्थापित कर हरियाणा की कृषि विपणन व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा।






