Delhi: तकरीबन करीब एक महीने पहले बीजेपी की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा की पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल को लेकर की गई टिप्पणी से उपजे विवाद के बाद हरियाणा की राजनीति में नए संकेत देखने को मिल रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली स्थित पूर्व हिसार सांसद कुलदीप बिश्नोई के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की।
आज दिल्ली स्थित मेरे निवास पर हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री @NayabSainiBJP जी का आत्मीय आगमन हुआ।
नायब जी एक अत्यंत मिलनसार, मृदुभाषी और सरल व्यक्तित्व के धनी हैं। उनसे मिलकर सदैव आत्मीयता और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है।
आज उनसे पारिवारिक एवं विभिन्न राजनीतिक विषयों पर… pic.twitter.com/gpxV5G1vvQ
— Kuldeep Bishnoi (@bishnoikuldeep) June 1, 2026
इस दौरान कुलदीप बिश्नोई के पुत्र और पूर्व आदमपुर विधायक भव्य बिश्नोई तथा नलवा से विधायक रणधीर पनिहार भी मौजूद रहे। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कुलदीप बिश्नोई एक-दूसरे को गर्मजोशी से गले लगाते दिखाई दिए। कुलदीप बिश्नोई ने मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए मुख्यमंत्री को विनम्र और सरल स्वभाव का नेता बताया। उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान पारिवारिक विषयों के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बिश्नोई परिवार के साथ दोपहर का भोजन भी किया। यह मुलाकात पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल की 3 जून को होने वाली पुण्यतिथि से ठीक दो दिन पहले हुई है। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, इस अवसर पर हरियाणा और पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में समर्थकों के जुटने की संभावना है।
ये भी पढ़ें- पंचकूला में फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा, 21 आरोपी हुए गिरफ्तार
गौरतलब है कि हाल ही में नगर निकाय चुनावों के दौरान बीजेपी की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा के एक बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। इस बयान पर कुलदीप बिश्नोई और उनके समर्थकों ने कड़ी आपत्ति जताई थी। बाद में रेखा शर्मा ने माफी भी मांगी, हालांकि उनका कहना था कि उनके बयान को संदर्भ से हटाकर प्रस्तुत किया गया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भजनलाल परिवार से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की यह मुलाकात बीजेपी के भीतर एकजुटता और समन्वय का संदेश देने की कोशिश के रूप में देखी जा रही है।






