हरियाणा पुलिस की बड़ी कार्रवाही, एनकाउंटर में गैंगस्टर हुआ ढेर

SHARE:

झज्जर: हरियाणा के झज्जर जिले में रविवार देर रात एक बड़ी पुलिस कार्रवाई में विजय सैनी हत्याकांड का आरोपी मारा गया। मृतक की पहचान 32 वर्षीय इंदरपाल के रूप में हुई है, जो इस सनसनीखेज हत्या मामले में वांछित था। इस मुठभेड़ में हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) का एक इंस्पेक्टर भी गोली लगने से घायल हो गया।

कैसे हुई मुठभेड़?

पुलिस सूत्रों के अनुसार STF को गुप्त सूचना मिली थी कि विजय सैनी हत्याकांड से जुड़े कुछ संदिग्ध दुजाना गांव के पास मौजूद हैं। यह सूचना मिलते ही STF की टीम ने इलाके को घेर लिया और ऑपरेशन शुरू किया। जैसे ही पुलिस ने घेराबंदी कड़ी की, आरोपियों ने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और दोनों ओर से गोलीबारी हुई।

आरोपी की मौत, इंस्पेक्टर घायल

इस मुठभेड़ में आरोपी इंदरपाल को गोली लगी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। वहीं STF के इंस्पेक्टर राकेश को भी गोली लगी, जिससे वह घायल हो गए। उन्हें तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में झज्जर पुलिस आयुक्त डॉ. राजश्री सिंह ने पहुंचकर घायल अधिकारी का हाल जाना।

ये भी पढ़ें- हरियाणा सरकार का बड़ा कदम, HSSC अभ्यर्थियों को परीक्षा वाले दिन मिलेगी फ्री बस सेवा

आरोपी का आपराधिक नेटवर्क

पुलिस के अनुसार इंदरपाल, इस मामले के मुख्य आरोपी संजय बिर्धाना का करीबी सहयोगी था। जांच में यह भी सामने आया है कि इस नेटवर्क से जुड़ी एक महिला को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और पुलिस लगातार अन्य कड़ियों को जोड़ने में लगी हुई थी।

हत्या का मामला क्या था?

65 वर्षीय विजय सैनी की हत्या 31 मई को दुजाना गांव में उनके खेतों में गोली मारकर कर दी गई थी। इस वारदात के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे और पुलिस लगातार कई जगहों पर दबिश दे रही थी।

पुलिस का बयान

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में लगातार खुफिया इनपुट मिल रहे थे और इन्हीं सूचनाओं के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए भी अभियान जारी रहेगा।

 

Join us on:

Leave a Comment