हरियाणा में आज से SIR की शुरुआत, 14 जुलाई तक घर-घर जाकर होगा सत्यापन

SHARE:

चंडीगढ़: हरियाणा में मतदाता सूची को अपडेट और त्रुटिरहित बनाने के लिए स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान की शुरुआत आज से पूरे राज्य में की जाएगी। इस बड़े अभियान के तहत 20,629 बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर वोटर सूची का सत्यापन करेंगे। यह अभियान चुनाव आयोग के निर्देश पर चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य योग्य नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना और मृत, स्थानांतरित या डुप्लीकेट नामों को हटाना है।

14 जुलाई तक चलेगा घर-घर सत्यापन अभियान

इस अभियान की शुरुआत 15 जून यानि की आज से हो चुकी है और यह 14 जुलाई 2026 तक जारी रहेगा। इस दौरान BLO हर घर जाकर मतदाताओं की जानकारी की जांच करेंगे और उनसे एन्यूमरेशन फॉर्म (गणना प्रपत्र) भरवाकर हस्ताक्षर लेंगे।

  • फॉर्म 15 जून से चुनाव आयोग की वेबसाइट से भी डाउनलोड किया जा सकेगा
  • हर घर में कम से कम तीन बार BLO द्वारा विजिट किया जाएगा
  • अगर कोई व्यक्ति घर पर नहीं मिलता है, तो उसके लिए फॉर्म और संपर्क सूचना छोड़ी जाएगी

2.06 करोड़ से अधिक मतदाता, 20 हजार से ज्यादा बूथ

हरियाणा में वर्तमान में कुल 2,06,55,929 पंजीकृत मतदाता हैं। राज्य में 20,629 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उनका कहना है कि इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है।

इन दस्तावेजों से होगा सत्यापन

अगर किसी मतदाता का स्वतः सत्यापन संभव नहीं होता है, तो वह निम्न दस्तावेजों में से किसी एक के आधार पर अपनी पात्रता साबित कर सकता है:

  • जन्म प्रमाण पत्र
  • पासपोर्ट
  • शैक्षणिक प्रमाण पत्र
  • निवास प्रमाण पत्र
  • जाति प्रमाण पत्र
  • पेंशन दस्तावेज
  • सरकारी पहचान पत्र
  • जमीन या मकान आवंटन प्रमाण पत्र

कुल 11 प्रकार के दस्तावेजों को मान्य किया गया है।

18 वर्ष के नए मतदाता भी जुड़ सकेंगे

जो युवा 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष के हो जाएंगे, वे भी इस अभियान के दौरान मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकते हैं। इसके लिए उन्हें फॉर्म-6 और जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे।

ड्राफ्ट और फाइनल वोटर लिस्ट की तारीखें

चुनाव आयोग ने पूरी प्रक्रिया के लिए समय-सीमा तय की है:

  • ड्राफ्ट वोटर लिस्ट: 21 जुलाई 2026
  • आपत्तियां और दावा दर्ज: 21 जुलाई से 20 अगस्त तक
  • निपटान की अंतिम तिथि: 18 सितंबर 2026
  • फाइनल वोटर लिस्ट: 22 सितंबर 2026

2002 के बाद पहली बड़ी राज्यव्यापी प्रक्रिया

अधिकारियों के अनुसार यह 2002 के बाद पहली बार है जब हरियाणा में इतनी व्यापक घर-घर जाकर वोटर सत्यापन प्रक्रिया की जा रही है। अब तक राज्य में 64.74% वोटर मैपिंग पूरी हो चुकी है। इसमें फतेहाबाद सबसे आगे (87.8%) और फरीदाबाद सबसे पीछे (30.19%) है।

ये भी पढ़ें- हरियाणा पुलिस की बड़ी कार्रवाही, एनकाउंट में गैंगस्टर हुआ ढेर

सहायता केंद्र और हेल्पलाइन शुरू

इस अभियान को आसान बनाने के लिए विधानसभा स्तर पर हेल्प डेस्क, जिला स्तर पर कॉल सेंटर और चुनाव आयोग हेल्पलाइन नंबर 1950 भी सक्रिय किए गए हैं। BLO की पूरी गतिविधि की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी।

 

Join us on:

Leave a Comment