मोहाली: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को आरोप लगाया कि अकाली दल, बीजेपी और कांग्रेस ने अपने शासनकाल में पंजाब को नशे की गंभीर समस्या में धकेला। मोहाली के सोहाना गांव में आयोजित एक रोड शो के दौरान केजरीवाल ने कहा कि इन तीनों प्रमुख राजनीतिक दलों की सरकारों के दौरान राज्य में नशे का फैलाव हुआ, जिससे पंजाब की युवा पीढ़ी प्रभावित हुई।
विकास की रफ्तार पर विपक्ष को आपत्ति: भगवंत मान
इस मौके पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि विपक्ष आम आदमी पार्टी सरकार की विकास गति को स्वीकार नहीं कर पा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार राज्य को पिछली परिस्थितियों से बाहर निकालकर विकास की दिशा में आगे बढ़ा रही है।
2027 चुनाव को लेकर AAP की तैयारी
अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस कार्यक्रम के दौरान 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भी संकेत दिए। केजरीवाल ने कहा कि अब पार्टी का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि भगवंत मान दोबारा मुख्यमंत्री बनें। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में सरकार ने काफी काम किया है, लेकिन अभी बहुत कुछ करना बाकी है।
पिछली सरकारों पर तीखा हमला
केजरीवाल ने कांग्रेस, अकाली दल और बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि इन पार्टियों ने लंबे समय तक सत्ता में रहकर पंजाब के संसाधनों का दुरुपयोग किया। उन्होंने आरोप लगाया कि ये पार्टियां सत्ता को “म्यूजिकल चेयर” की तरह इस्तेमाल करती रहीं और जनता के हितों की अनदेखी की गई।
ये भी पढ़ें- हरियाणा में आज से SIR की शुरुआत, 14 जुलाई तक घर-घर जाकर होगा सत्यापन
AAP सरकार के कामों का दावा
केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि राज्य में कई महत्वपूर्ण कदम जिनमें शामिल हैं मुफ्त बिजली योजना, 10 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा कवर, नहरों के जरिए दूर-दराज के गांवों तक पानी पहुंचाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा देने पर विशेष ध्यान दिया है।
जल प्रबंधन में सुधार का दावा
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब ने जल प्रबंधन के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस वर्ष राज्य में 96% नहर पानी का उपयोग किया गया, लगभग 14,000 किलोमीटर पाइपलाइन और जल चैनल बिछाए गए और 21,000 क्यूसेक पानी किसानों तक पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि इससे कृषि व्यवस्था को मजबूती मिली है।
विपक्ष पर निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष अब राज्य में हो रहे विकास को स्वीकार नहीं कर पा रहा है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब बदलाव चाहती है और मौजूदा सरकार के साथ खड़ी है।






