रोहतक। हसनगढ़ स्थित दिल्ली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में अक्षय तृतीया (19 अप्रैल 2026) के पावन अवसर पर क्रिकेटर विराट कोहली के कोच ने अपनी क्रिकेट अकादमी की शुरुआत की है। जिसके लिए एक भव्य एवं प्रेरणादायक समारोह का सफल आयोजन किया गया। द्रोणाचार्य अवार्ड क्रिकेट कोच राजकुमार शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के शिक्षकों एवं सहयोगी स्टाफ को उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही CBSE परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों को भी मंच पर सम्मानित किया गया, जिससे विद्यालय परिवार में गर्व का माहौल बना।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा अक्षय तृतीया के महत्व पर आधारित एक लघु नाटिका प्रस्तुत की गई, जिसने भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज कुमार शर्मा (क्रिकेट कोच एवं द्रोणाचार्य पुरस्कार 2016) एवं विजय सिंह (आईपीएस, संयुक्त पुलिस आयुक्त, दिल्ली) उपस्थित रहे। अमन वोहरा (प्रसिद्ध इंस्टाग्राम क्रिएटर, लगभग 7 लाख फॉलोअर्स) ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

मुख्य अतिथि राज कुमार शर्मा ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, निरंतर अभ्यास और लक्ष्य के प्रति समर्पण का महत्व बताते हुए कहा कि “सफलता पाने के लिए निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक है। जो विद्यार्थी मेहनत और धैर्य को अपना साथी बना लेते हैं, वे निश्चित रूप से अपने जीवन में ऊँचाइयों को प्राप्त करते हैं।” उनके विचारों ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यालय में क्रिकेट अकादमी एवं क्रिकेट ग्राउंड का उद्घाटन रहा, जिसे मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा संपन्न किया गया। इसी अवसर पर “द्रोणाचार्य राजकुमार शर्मा क्रिकेट ग्राउंड” का विधिवत उद्घाटन भी किया गया, जिसका उपस्थित जनसमूह ने जोरदार तालियों के साथ स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में क्रिकेट की बहुत सी प्रतिभाएं हैं। उन प्रतिभाओं को निखर कर क्रिकेट को बेहतर खिलाड़ी देने का उनका लक्ष्य है।
ये भी पढ़े
कार्यक्रम का मंच संचालन सोनाली सिंह द्वारा अत्यंत प्रभावशाली ढंग से किया गया। अंत में विद्यालय की प्राचार्या मीनाक्षी दहिया ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।





