CM Mann’s controversial video row: विवादित वीडियो मामले को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने मुख्यमंत्री से इस्तीफा देने की मांग की है। SGPC का कहना है कि अकाल तख्त की ओर से जारी हुक्मनामे के बाद भगवंत मान के पास मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। शनिवार को अमृतसर में SGPC की कार्यकारिणी समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता SGPC अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने की। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की गई।
सिख समुदाय से हुक्मनामे का पालन करने की अपील
बैठक के बाद हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि अकाल तख्त पहले ही इस मामले में मुख्यमंत्री भगवंत मान के सामाजिक बहिष्कार का आदेश दे चुका है। उन्होंने सिख समुदाय से अपील की कि वे सिख परंपराओं और मर्यादा के अनुसार इस आदेश का पालन करें।
27 जून को होगी अहम बैठक
SGPC ने इस मुद्दे पर आगे की रणनीति तय करने के लिए 27 जून को अपनी आम सभा की विशेष बैठक बुलाने का फैसला किया है। धामी ने कहा कि बैठक के बाद संगठन लोगों के बीच जाकर पूरे मामले की जानकारी देगा। इसके लिए SGPC के सदस्य अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में बैठकें भी करेंगे।
SGPC ने जारी किया पेशी का वीडियो
SGPC ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की 15 जनवरी को अकाल तख्त के सामने हुई पेशी का वीडियो भी जारी किया। यह पेशी सोशल मीडिया पर वायरल हुए विवादित वीडियो को लेकर हुई थी। धामी ने कहा कि उस दौरान मुख्यमंत्री ने वीडियो की फोरेंसिक जांच कराने पर सहमति जताई थी।
AI से वीडियो बनने का दावा नहीं हुआ साबित
धामी के मुताबिक मुख्यमंत्री लगातार कहते रहे कि वीडियो AI तकनीक से बनाया गया है। लेकिन दो फोरेंसिक लैब की जांच रिपोर्ट में वीडियो के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ या AI के इस्तेमाल का कोई सबूत नहीं मिला। इसके बाद अकाल तख्त ने धार्मिक परंपराओं के अनुसार कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि अब यह कहा जा रहा है कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति मुख्यमंत्री नहीं है, जबकि पहले वीडियो को AI से बना हुआ बताया जा रहा था।
also read: पंचकूला पुलिस ने बड़ी लूट की साजिश को किया नाकाम, 5 हथियारबंद आरोपी गिरफ्तार
अमेरिका में बनेगा सिख मिशन सेंटर
इस दौरान हरजिंदर सिंह धामी ने अपने हालिया अमेरिका दौरे की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि अगले एक साल के भीतर अमेरिका में एक सिख मिशन सेंटर स्थापित किया जाएगा। वहां गुरुद्वारा के साथ-साथ धार्मिक ग्रंथों की छपाई के लिए प्रिंटिंग प्रेस भी बनाई जाएगी, ताकि विदेशों में रहने वाले सिखों को धार्मिक साहित्य आसानी से उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि SGPC के छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने अमेरिका दौरे के दौरान इस परियोजना से जुड़ी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं।






