हरियाणा में योग को मिलेगा बड़ा बढ़ावा, मुख्यमंत्री सैनी ने किया बड़ा ऐलान

SHARE:

चंडीगढ़: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने राज्य में योग को संस्थागत रूप देने के लिए एक व्यापक रोडमैप की घोषणा की है। इस योजना के तहत शिक्षा, खेल और सरकारी भर्ती प्रणाली में योग को शामिल किया जाएगा।

कक्षा 3 से 9 तक पढ़ाया जाएगा योग

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आगामी शैक्षणिक सत्र से कक्षा 3 से 9 तक के छात्रों के लिए योग को पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों में शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को मजबूत करना है।

शिक्षकों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण

सरकार सभी पीटीआई, डीपीएड, पीजीटी और पीआरटी शिक्षकों को योग आसनों का विशेष प्रशिक्षण देगी, ताकि हर सरकारी स्कूल में नियमित योग सत्र संचालित किए जा सकें।

भर्ती परीक्षाओं में भी योग शामिल

एक बड़े निर्णय के तहत अब हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (HSSC) और हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन (HPSC) की सभी परीक्षाओं में योग से जुड़े प्रश्न अनिवार्य होंगे। इसके लिए परीक्षा नीति में संशोधन किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की बड़ी कार्रवाही, पानीपत में 132 अवैध ब्लीचिंग यूनिट्स हुए सील

मोरनी में बनेगा योग और नेचुरोपैथी संस्थान

सरकार मोरनी में राज्य स्तरीय इंस्टीट्यूट ऑफ नेचुरोपैथी एंड योग स्थापित करेगी, जहां स्नातक स्तर की पढ़ाई भी कराई जाएगी। साथ ही विश्वविद्यालयों में बनाए जा रहे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में भी योग को शामिल किया जाएगा।

खेल और शिक्षा में योग को नई पहचान

उच्च शिक्षा संस्थानों में स्पोर्ट्स विभाग का नाम बदलकर “स्पोर्ट्स एंड योग विभाग” किया जाएगा। इसके अलावा योगासन को राज्य की खेल नीति में एक मान्यता प्राप्त खेल के रूप में शामिल किया जाएगा।

आयुर्वेद और योग का एकीकरण

सरकार योग पाठ्यक्रम में आयुर्वेद के तत्वों को भी शामिल करेगी ताकि स्वास्थ्य और जीवनशैली के लिए एक समग्र दृष्टिकोण विकसित हो सके।

योग प्रशिक्षकों की भर्ती तेज होगी

राज्य में खाली पड़े AYUSH योग कोच और योग प्रशिक्षक पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तेज करने का निर्णय लिया गया है।

सुबह की प्रार्थना में राज्य गीत अनिवार्य

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि सभी सरकारी स्कूलों की सुबह की सभा में हरियाणा राज्य गीत का सामूहिक गायन अनिवार्य किया जाएगा, जिससे राज्य के प्रति गर्व और अनुशासन की भावना बढ़ेगी।

 

Join us on:

Leave a Comment