पंजाब में 25 जून से शुरू होगा मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान, 1 अक्टूबर को आएगी अंतिम वोटर लिस्ट

SHARE:

Punjab to begin SIR on 25th June: पंजाब में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए 25 जून से विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) अभियान शुरू किया जाएगा। राज्य की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बुधवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि अंतिम मतदाता सूची 1 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी।

घर-घर पहुंचेंगे 24,453 बूथ स्तरीय अधिकारी

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदाता गणना प्रपत्रों के वितरण, भरने और संग्रहण की प्रक्रिया पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि 25 जून से 24 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के दौरान राज्य के 24,453 बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर करीब 2.14 करोड़ मतदाताओं से संपर्क करेंगे। इस दौरान मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, गलतियों को सुधारने और अन्य जरूरी बदलावों की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।

24 जुलाई तक होगा मतदान केंद्रों का युक्तिकरण

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान केंद्रों के युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) की प्रक्रिया भी 24 जुलाई तक पूरी की जाएगी। इसके बाद 3 अगस्त को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- पति के अफेयर से परेशान टीचर ने की आत्महत्या, कमरे से बरामद हुआ सुसाइड नोट

2 सितंबर तक कर सकेंगे दावे और आपत्तियां

प्रारूप सूची जारी होने के बाद मतदाता 2 अगस्त से 2 सितंबर तक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। इन दावों और आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया 3 अगस्त से 9 सितंबर तक चलेगी। इसके बाद सभी संशोधनों को शामिल करते हुए 1 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी जाएगी।

86 फीसदी मतदाताओं का हो चुका है मैपिंग

अनिंदिता मित्रा ने बैठक में बताया कि पंजाब के 86.02 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पहले ही पूरी हो चुकी है। जिन मतदाताओं की मैपिंग अभी नहीं हो पाई है, उनकी सूची राजनीतिक दलों के साथ साझा की गई है। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करें और बिना मैपिंग वाले मतदाताओं तक पहुंचने में चुनाव कर्मियों का सहयोग करें। बैठक में अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी अमनदीप गर्ग, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवनीत कौर बल और विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

 

Join us on:

Leave a Comment