Punjab Sikh ministers, MLAs appeared barefoot at Sri Akal Takht Sahib, Amritsar: अमृतसर में सोमवार को पंजाब के सिख विधायकों और मंत्रियों ने धार्मिक आस्था और श्रद्धा के भाव के साथ श्री हरमंदिर साहिब में मत्था टेका और इसके बाद श्री अकाल तख्त साहिब के सामने नंगे पांव उपस्थित हुए।
श्री हरमंदिर साहिब में मत्था टेककर जताई आस्था
इस दौरान सभी नेताओं ने श्री हरमंदिर साहिब में पहुंचकर गुरु घर में मत्था टेका और सुख-शांति की कामना की। इसके बाद वे सामूहिक रूप से श्री अकाल तख्त साहिब पहुंचे।
अकाल तख्त साहिब के प्रति गहरी श्रद्धा
पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां और कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने श्री अकाल तख्त साहिब के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि यह सिख पंथ की सर्वोच्च धार्मिक संस्था है, जिसका सम्मान हर हाल में किया जाएगा।
जत्थेदार के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक
स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्हें गुरु रामदास जी के आशीर्वाद से मत्था टेकने और जत्थेदार साहिब के साथ सार्थक चर्चा करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि यह चर्चा बहुत महत्वपूर्ण और रचनात्मक रही।
चर्चा का विवरण सार्वजनिक नहीं किया जाएगा
उन्होंने कहा कि अकाल तख्त साहिब की मर्यादा और गरिमा को देखते हुए बैठक की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा सकती। हालांकि, वहां दिए गए सुझावों पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी।
ये भी पढ़ें- पंजाब के हर खेत तक पहुंचेगा नहरी पानी, इस साल बिछेंगी 7,000 किमी नई पाइपलाइन: CM भगवंत मान
सरकार तक पहुंचाए जाएंगे सुझाव
कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि अकाल तख्त साहिब से प्राप्त सुझावों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा और उन पर उचित विचार किया जाएगा।
एक महीने का समय मिला: हरपाल सिंह चीमा
कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि जत्थेदार साहिब ने पंजाब सरकार को प्रस्तावित संशोधनों और सुझावों पर विचार करने के लिए एक महीने का समय दिया है।
सरकार करेगी सुझावों पर विचार
उन्होंने आगे कहा कि ये सभी प्रस्ताव विधानसभा अध्यक्ष के माध्यम से औपचारिक रूप से सरकार तक भेजे जाएंगे और सरकार उन्हें विस्तार से जांचने के बाद उचित निर्णय लेगी।






