किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम, हरियाणा सरकार ने लॉन्च किया FPO मिशन-2026

SHARE:

Haryana FPO Mission-2026: हरियाणा सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने, बाजार तक उनकी पहुंच मजबूत करने और सामूहिक कृषि उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को ‘हरियाणा एफपीओ मिशन-2026’ (Haryana FPO Mission-2026) की शुरुआत की। इस मिशन का शुभारंभ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रेवाड़ी जिले के बावल स्थित कृषि महाविद्यालय में ‘खेत बचाओ अभियान’ के समापन समारोह के दौरान किया।

775 किसान उत्पादक संगठनों को मिलेगी नई ताकत 

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्तमान में हरियाणा में कृषि, बागवानी और डेयरी क्षेत्रों से जुड़े करीब 775 किसान उत्पादक संगठन (FPO) सक्रिय हैं। नया मिशन इन संगठनों को मजबूत करने, उनकी सप्लाई चेन को बेहतर बनाने और कृषि प्रसंस्करण सुविधाओं का विस्तार करने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि इस पहल का सबसे अधिक लाभ छोटे और सीमांत किसानों को मिलेगा। सामूहिक खेती को बढ़ावा मिलने से किसानों की बाजार में मोलभाव करने की क्षमता बढ़ेगी और उन्हें अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल सकेगा। इसके अलावा, इस मिशन से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है।

किसानों की समृद्धि के बिना विकसित भारत संभव नहीं : शिवराज सिंह चौहान 

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसानों की समृद्धि और मजबूत कृषि क्षेत्र के बिना भारत विकसित राष्ट्र नहीं बन सकता। उन्होंने किसानों से टिकाऊ और वैज्ञानिक खेती अपनाने की अपील करते हुए कहा कि यूरिया और डीएपी जैसे रासायनिक उर्वरकों का अत्यधिक इस्तेमाल मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण दोनों के लिए नुकसानदायक साबित हो रहा है।

ये भी पढ़ें- हरियाणा सरकार का बड़ा ऐलान, ITI छात्रों को मिलेगा 2,000 रुपये मासिक भत्ता

हरियाणा बना देश के लिए मॉडल 

उन्होंने कहा कि हरियाणा ने किसानों के हित में कई ऐसी योजनाएं लागू की हैं, जो पूरे देश के लिए मॉडल बन चुकी हैं। इनमें 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद, भावांतर भरपाई योजना, ‘मेरी फसल-मेरा ब्योरा’ और ‘मेरा पानी-मेरी विरासत’ जैसी योजनाएं शामिल हैं। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश के कुल भौगोलिक क्षेत्रफल का केवल 1.3 प्रतिशत हिस्सा होने के बावजूद हरियाणा देश की खाद्य सुरक्षा में अहम भूमिका निभा रहा है। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने आधुनिक कृषि तकनीकों पर आधारित एक प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया और रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ तथा झज्जर जिलों के छह प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया।

 

Join us on:

Leave a Comment