Chief Minister Mawan-Dhiyan Satkar Yojana: पंजाब सरकार आज अपनी बहुप्रतीक्षित ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ (Chief Minister Mawan-Dhiyan Satkar Yojana) की शुरुआत करने जा रही है। इस योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री Bhagwant Mann धूरी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री इस योजना के लिए तैयार किए गए विशेष वेब पोर्टल का भी शुभारंभ करेंगे।
योजना के लॉन्च होने के साथ ही राज्य की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में आर्थिक सहायता की राशि भेजने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें नियमित वित्तीय सहायता प्रदान करना है।
सामान्य और एससी वर्ग की महिलाओं को मिलेगा अलग-अलग मानदेय
‘मुख्यमंत्री मावां-धियां सत्कार योजना’ के तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये का मानदेय दिया जाएगा। वहीं, अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की सम्मान राशि मिलेगी। सरकार ने बताया कि योजना की पहली किस्त के रूप में तीन महीने की राशि एक साथ लाभार्थियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए भेजी जाएगी।
50 लाख महिलाओं ने कराया पंजीकरण
अधिकारियों के अनुसार, अब तक करीब 50 लाख महिलाओं ने इस योजना के लिए पंजीकरण कराया है। सरकार का दावा है कि पंजीकृत सभी पात्र महिलाओं को योजना का पूरा लाभ मिलेगा और राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। योजना के लिए तैयार किए गए ऑनलाइन पोर्टल के जरिए लाभार्थियों का पंजीकरण, सत्यापन और भुगतान प्रक्रिया को पारदर्शी और आसान बनाया गया है।
ये भी पढ़ें- बावल को मिली 125 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात, सीएम सैनी ने किए कई बड़े ऐलान
2022 चुनावी वादे को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम
‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ साल 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ सरकार द्वारा किए गए पांच प्रमुख चुनावी वादों में से एक थी। इस योजना के लागू होने के साथ ही सरकार यह दावा कर रही है कि उसने अपने सभी बड़े चुनावी वादों को पूरा कर दिया है। सरकार का मानना है कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा देने के साथ-साथ उनके सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर फोकस
पंजाब सरकार का कहना है कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। नियमित आर्थिक सहायता मिलने से महिलाओं को घरेलू खर्चों को संभालने, अपनी जरूरतों को पूरा करने और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में मदद मिलेगी। सरकार के अनुसार, डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचने से पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी और किसी प्रकार की अनियमितता की संभावना कम होगी। ‘मुख्यमंत्री मावां-धियां सत्कार योजना’ को पंजाब की महिलाओं के लिए एक बड़ी सौगात माना जा रहा है और उम्मीद है कि इससे राज्य की लाखों महिलाओं को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ मिलेगा।






