हरियाणा में पर्यटन को मिलेगा बड़ा बूस्ट, 90 करोड़ रुपये से बदलेगी पिंजौर गार्डन और टिक्कर ताल की तस्वीर

SHARE:

Tourism in Haryana to get a major boost: हरियाणा सरकार ने राज्य के पर्यटन (Tourism) को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पर्यटन विभाग को पिंजौर स्थित ऐतिहासिक यादविंद्र गार्डन और मोरनी हिल्स के प्रसिद्ध टिक्कर ताल का अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पुनर्विकास (Redevelopment) करने के निर्देश दिए हैं। इन दोनों पर्यटन स्थलों के आधुनिकीकरण, संरक्षण और नई सुविधाओं के विकास पर करीब 90 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार देर शाम पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान यह निर्देश दिए। सरकार का मानना है कि इस परियोजना से हरियाणा में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और राज्य के राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

पिंजौर गार्डन के पास बनेगा ‘वन-स्टॉप वेडिंग डेस्टिनेशन’ (One-stop wedding destination)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘Wed in India’ विजन को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने यादविंद्र गार्डन के पास एक आधुनिक ‘वन-स्टॉप डेस्टिनेशन फॉर वेडिंग्स’ (One-stop wedding destination) विकसित करने के निर्देश दिए हैं। इस हाई-एंड वेडिंग डेस्टिनेशन में आधुनिक कन्वेंशन सेंटर, एग्जीबिशन सेंटर और शादी समारोहों के लिए सभी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे पर्यटन विभाग को आय का नया स्रोत मिलने की उम्मीद है।

रूफटॉप हेलिपैड (Rooftop helipad) वाला लग्जरी होटल भी बनेगा

परियोजना के तहत पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर एक लग्जरी होटल भी विकसित किया जाएगा। इस होटल की खास बात यह होगी कि इसमें अत्याधुनिक रूफटॉप हेलिपैड (Rooftop helipad) बनाया जाएगा, जिससे देश और विदेश से आने वाले पर्यटक सीधे हेलिकॉप्टर के जरिए यहां पहुंच सकेंगे।

बदलेगा यादविंद्र गार्डन (Yadavindra Gardens) का स्वरूप

पर्यटन विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि पुनर्विकास के दौरान यादविंद्र गार्डन (Yadavindra Gardens) की ऐतिहासिक और स्थापत्य विरासत को पूरी तरह सुरक्षित रखा जाएगा। गार्डन की मूल पहचान से छेड़छाड़ किए बिना यहां कई नए आकर्षण जोड़े जाएंगे। पर्यटक यहां स्टेट-ऑफ-द-आर्ट म्यूजिकल फाउंटेन, खूबसूरत बटरफ्लाई पार्क, आधुनिक एक्वेरियम और आकर्षक लाइटिंग का आनंद ले सकेंगे। विशेष रूप से रात के समय गार्डन की रोशनी और सुंदर वातावरण इसे पर्यटकों के लिए और भी आकर्षक बनाएगा।

ये भी पढ़ें- पंजाब पुलिस का साइबर अपराध पर बड़ा एक्शन, एक साल में 729 साइबर ठग गिरफ्तार, 956 FIR दर्ज

टिक्कर ताल बनेगा एडवेंचर टूरिज्म (Adventure Tourism) का नया केंद्र

मोरनी हिल्स स्थित प्रसिद्ध टिक्कर ताल को एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके तहत मौजूदा एडवेंचर पार्क, बोटिंग सुविधा, हॉंटेड हाउस और अन्य आकर्षणों का व्यापक आधुनिकीकरण किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य टिक्कर ताल को ऐसा पर्यटन स्थल बनाना है, जहां प्राकृतिक सुंदरता के साथ रोमांचक गतिविधियों का भी भरपूर अनुभव मिल सके।

रोजगार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

सरकार का मानना है कि इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद हरियाणा में घरेलू और विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। इससे होटल, परिवहन, खानपान और स्थानीय व्यापार से जुड़े लोगों को भी फायदा होगा। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

 

Join us on:

Leave a Comment