17 जुलाई को कुरुक्षेत्र को बड़ी सौगात, PM मोदी करेंगे एलिवेटेड रेल ट्रैक का उद्घाटन

SHARE:

PM Modi to launch Kurukshetra rail track: कुरुक्षेत्र के लोगों को बड़ी सौगात मिलने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद से वर्चुअल माध्यम से कुरुक्षेत्र के एलिवेटेड रेलवे ट्रैक और एलिवेटेड रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन से पहले 9 जुलाई को रेलवे की ओर से ट्रैक का ट्रायल भी किया जाएगा।

447 करोड़ रुपये की लागत से तैयार परियोजना का उद्घाटन

करीब 447 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना के शुरू होने के बाद शहर के पांच प्रमुख रेलवे फाटक हमेशा के लिए खत्म हो जाएंगे। इनमें मेन बाजार, झांसा रोड, बिरला मंदिर, एलएनजेपी अस्पताल और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के तीसरे गेट के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग शामिल हैं। इससे शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है। इस परियोजना को केंद्र सरकार ने वर्ष 2019 में मंजूरी दी थी और उसी साल इसकी आधारशिला रखी गई थी। लगभग 5.9 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के निर्माण का कार्य अब पूरा हो चुका है और उद्घाटन से पहले अंतिम तैयारियां तथा सौंदर्यीकरण का काम किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- 17 जुलाई को हरियाणा आएंगे पीएम मोदी, हजारों करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात

थानेसर सिटी का एलिवेटेड रेलवे स्टेशन भी तैयार

अधिकारियों के अनुसार, ट्रैक 213 पिलरों पर बनाया गया है। इसके साथ थानेसर सिटी का एलिवेटेड रेलवे स्टेशन भी तैयार किया गया है। परियोजना में हरियाणा सरकार ने 206 करोड़ रुपये का योगदान दिया, जबकि शेष राशि भारतीय रेलवे ने वहन की। पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि यह शहर का ड्रीम प्रोजेक्ट था। एलिवेटेड ट्रैक बनने से न केवल ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी, बल्कि शहर की सुंदरता भी बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री इसी दौरे के दौरान उमरी गांव में 124 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखेंगे।

 प्रधानमंत्री कार्यक्रम का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे

उद्घाटन समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कुरुक्षेत्र के उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री कार्यक्रम का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे, जबकि स्थानीय स्तर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा।

 

Join us on:

Leave a Comment

Market Mystique
और पढ़ें