पंजाब में 892 आधुनिक आंगनवाड़ी केंद्र बनकर तैयार, बच्चों को मिलेगी प्राइवेट स्कूल जैसी शुरुआती शिक्षा

SHARE:

892 modern Anganwadi centers ready in Punjab: पंजाब सरकार ने राज्य के बच्चों को विश्वस्तरीय शुरुआती देखभाल और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्यभर में 892 आधुनिक आंगनवाड़ी केंद्रों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 132 अन्य केंद्र निर्माण के अंतिम चरण में हैं। सरकार का लक्ष्य कुल 1,024 नए आंगनवाड़ी केंद्र स्थापित करना है। पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि सरकार राज्यभर में बाल-अनुकूल बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार कर रही है, ताकि बच्चों को सुरक्षित, आधुनिक और महंगे निजी स्कूलों जैसी शुरुआती शिक्षा का माहौल मिल सके।

खेल-खेल में सीखेंगे बच्चे

डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि सरकार चाहती है कि हर बच्चे को उसकी आर्थिक पृष्ठभूमि से परे बेहतर प्रारंभिक शिक्षा और खेल-आधारित शिक्षण का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुरू की गई इन योजनाओं में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

ये भी पढ़ें- पंजाब की ‘मेरी रसोई’ योजना ने पार किया 25 लाख राशन किट वितरण का आंकड़ा, 40.48 लाख परिवारों तक पहुंचाने का लक्ष्य

हर बच्चे को मिलेगा समान अवसर

मंत्री ने कहा कि बच्चे देश की सबसे बड़ी पूंजी हैं। प्रत्येक बच्चे को ऐसा सुरक्षित, आनंददायक और रचनात्मक वातावरण मिलना चाहिए, जहां वह सीख सके, खेल सके और अपनी पूरी क्षमता का विकास कर सके। सरकार का उद्देश्य हर बच्चे को समान अवसर उपलब्ध कराना है, चाहे उसका सामाजिक या आर्थिक स्तर कुछ भी हो।

सिर्फ इमारत नहीं, बच्चों के सपनों का केंद्र

डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि ये नए आंगनवाड़ी केंद्र केवल इमारतें नहीं हैं, बल्कि ऐसे स्थान हैं जहां ग्रामीण और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों के सपनों को नई उड़ान मिलेगी। उन्होंने कहा कि साफ-सुथरे, सुरक्षित और बाल-अनुकूल वातावरण में बच्चों की मुस्कान ही सरकार के लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है।

पोषण और स्वास्थ्य पर भी रहेगा विशेष फोकस

उन्होंने बताया कि ये आधुनिक आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों में कुपोषण को कम करने, स्वास्थ्य में सुधार लाने और उनके शारीरिक व मानसिक विकास को बढ़ावा देने में भी अहम भूमिका निभाएंगे।

हर केंद्र पर 10 लाख रुपये खर्च

मंत्री ने बताया कि मिशन सक्षम के तहत प्रत्येक नए आंगनवाड़ी केंद्र के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये जारी किए गए हैं। इन केंद्रों में बच्चों के बैठने की उचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, आधुनिक शौचालय, सुरक्षित परिसर और खेल-आधारित शिक्षण के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि बच्चों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

 

Join us on:

Leave a Comment