Mission Olympics 2036: हरियाणा सरकार ने ओलंपिक-2036 (Mission Olympic 2036) को ध्यान में रखते हुए राज्य में विश्वस्तरीय खेल बुनियादी ढांचा विकसित करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को ‘मिशन ओलंपिक-2036’ (Mission Olympics 2036) की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए घोषणा की कि पहले चरण में करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से 11 स्पोर्ट्स सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इस बैठक में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम भी मौजूद रहे।
इन शहरों में बनेंगे स्पोर्ट्स सेंटर
पहले चरण में स्पोर्ट्स सेंटर राय स्थित स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, पलवल स्टेट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पंचकूला के टीडीएल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, अंबाला और कुरुक्षेत्र में विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा करनाल, जींद, गोहाना और यमुनानगर में निजी खेल अकादमियों के रूप में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी विकसित किए जाएंगे।
1,200 युवा खिलाड़ियों को मिलेगी विशेष ट्रेनिंग
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के तहत विभिन्न खेलों में करीब 1,200 युवा खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। खासतौर पर 13 से 16 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग उपलब्ध कराई जाएगी।
राय स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी होगी नोडल एजेंसी
मुख्यमंत्री ने बताया कि स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, राय को ‘ओलंपिक-2036 टैलेंट मिशन’ (Mission Olympics 2036) की नोडल एजेंसी बनाया गया है। यह मिशन खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम की निगरानी में संचालित होगा।
ओलंपिक विजेता कोच देंगे प्रशिक्षण
सरकार खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण देने के लिए ओलंपिक पदक विजेता कोचों की सेवाएं भी लेगी। इसके अलावा राज्य में 23 अतिरिक्त स्पोर्ट्स सेंटर विकसित किए जाएंगे, जिनमें खिलाड़ियों के लिए आवास और भोजन जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
2028 एशियाई खेलों की भी होगी तैयारी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मिशन ओलंपिक-2036 का उद्देश्य सिर्फ 2036 ओलंपिक ही नहीं, बल्कि 2028 एशियाई खेलों के लिए भी खिलाड़ियों को तैयार करना है, ताकि भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक पदक जीत सकें।





