Haryana SIR: भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने हरियाणा में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान की समयसीमा 10 दिन बढ़ा दी है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब राज्य की अंतिम मतदाता सूची 3 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी। पहले इसे 22 सितंबर 2026 को जारी किया जाना था। चुनाव आयोग के नए कार्यक्रम के मुताबिक बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन अब 24 जुलाई तक किया जाएगा। पहले यह प्रक्रिया 15 जून से 14 जुलाई तक निर्धारित थी।
31 जुलाई को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
समयसीमा बढ़ने के कारण ड्राफ्ट मतदाता सूची अब 31 जुलाई को प्रकाशित होगी। पहले इसे 21 जुलाई को जारी किया जाना था। इसके बाद मतदाता 31 जुलाई से 30 अगस्त तक अपने नाम, पता या अन्य विवरण में सुधार के लिए दावा और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। इन दावों और आपत्तियों का निस्तारण 31 जुलाई से 28 सितंबर के बीच किया जाएगा।सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
ये भी पढ़ें- हरियाणा के सरकारी कॉलेज बनेंगे Model Sanskriti College, CM सैनी का बड़ा ऐलान
आंध्र प्रदेश में भी लागू होगा नया शेड्यूल
निर्वाचन आयोग ने बताया कि हरियाणा के साथ-साथ आंध्र प्रदेश में भी यही संशोधित कार्यक्रम लागू होगा, क्योंकि दोनों राज्यों में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण की प्रक्रिया एक ही समय-सारिणी के अनुसार चल रही है।
कई राज्यों में चल रहा है विशेष पुनरीक्षण अभियान
चुनाव आयोग के अनुसार फिलहाल 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन का तीसरा चरण जारी है। इससे पहले पहले और दूसरे चरण में 10 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में यह प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। वहीं, हाल ही में जारी ड्राफ्ट मतदाता सूचियों के अनुसार मिजोरम, ओडिशा, मणिपुर और सिक्किम में कुल मतदाताओं की संख्या करीब 22 लाख घट गई है। इनमें सबसे अधिक कमी ओडिशा में दर्ज की गई, जहां संशोधन के दौरान 20.11 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए।





