The Revenue Department in Haryana will become fully digital: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को राजस्व विभाग (Revenue Department) के कामकाज की समीक्षा करते हुए डिजिटल गवर्नेंस, भूमि रिकॉर्ड आधुनिकीकरण और नागरिक सेवाओं से जुड़े विभिन्न सुधारों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व विभाग की सभी सेवाएं पारदर्शी, तकनीक आधारित और तय समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराई जाएं, ताकि लोगों को बिना किसी अनावश्यक देरी के सुविधाएं मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य राजस्व विभाग की सेवाओं को पूरी तरह नागरिक हितैषी बनाना है। उन्होंने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि लोगों को अपने काम के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें और अधिक से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हों।
राजस्व विभाग में बनाया गया इन-हाउस IT डिवीजन
बैठक में बताया गया कि राजस्व विभाग ने मई 2025 में अपना पहला समर्पित इन-हाउस सूचना प्रौद्योगिकी (IT) डिवीजन स्थापित किया था। इसके बाद विभाग की डिजिटल प्रणाली को विकसित करने और उसका रखरखाव करने के लिए बाहरी एजेंसियों पर निर्भरता काफी कम हुई है। इस तकनीकी टीम में सॉफ्टवेयर डेवलपर, UI/UX डिजाइनर, तकनीकी दस्तावेज विशेषज्ञ और सिस्टम एडमिनिस्ट्रेटर सहित कुल 16 स्वीकृत पद शामिल हैं।
MGNREGA की जगह लागू हुई VB-G RAM G योजना, पंजाब सरकार ने किया बड़ा ऐलान
ऑनलाइन पोर्टल से मिलेंगी कई सुविधाएं
विभाग के पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को राजस्व संबंधी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसमें अधिकारियों के लिए सिंगल साइन-ऑन (SSO) की सुविधा भी दी गई है। साथ ही, एकीकृत डैशबोर्ड के जरिए सेवाओं की प्रगति और लंबित मामलों की रियल टाइम मॉनिटरिंग भी की जा रही है।
शिकायत निवारण प्रणाली को और पारदर्शी बनाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने शिकायत निवारण प्रणाली की भी समीक्षा की और अधिकारियों को इसे अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक हितैषी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक को न्याय मिलना चाहिए। जिन लोगों के आवेदन किसी कारणवश खारिज हुए हैं, यदि वे निर्णय से संतुष्ट नहीं हैं तो उन्हें दोबारा समीक्षा का निष्पक्ष अवसर दिया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि हरियाणा सरकार डिजिटल तकनीक के माध्यम से शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है, ताकि आम लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ सरल और तेज़ी से मिल सके।






