10वीं के छात्र ने क्लास में शिक्षक पर स्क्रूड्राइवर से किया हमला, गर्दन पर किए कई वार

SHARE:

Student attacks teacher with screwdriver: हरियाणा के सिरसा जिले के जमाल गांव स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। यहां कक्षा 10 के एक छात्र ने हिंदी शिक्षक पर क्लासरूम के अंदर स्क्रूड्राइवर से हमला कर दिया। हमले में शिक्षक की गर्दन पर कई चोटें आईं। घटना के बाद छात्र मौके से फरार हो गया, जबकि घायल शिक्षक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

छात्र ने अपने बैग से स्क्रूड्राइवर निकाला और अचानक शिक्षक पर हमला किया

पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे की है। हिंदी शिक्षक सुनील कुमार कक्षा में छात्रों की कॉपियां जांच रहे थे। इसी दौरान एक छात्र ने अपने बैग से स्क्रूड्राइवर निकाला और अचानक शिक्षक पर हमला कर दिया। आरोपी छात्र ने शिक्षक की गर्दन पर तीन से चार बार वार किए। शिक्षक की चीख सुनकर स्कूल के अन्य शिक्षक मौके पर पहुंचे और घायल सुनील कुमार को तुरंत नाथूसरी चौपटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

ये भी पढ़ें- नायब सैनी सरकार का बड़ा फैसला, नूंह में स्वास्थ्य सेवाएं होंगी और मजबूत

आरोपी छात्र स्कूल से हुआ फरार

घटना के बाद आरोपी छात्र स्कूल से फरार हो गया। सूचना मिलने पर स्कूल के प्रधानाचार्य प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और छात्र की तलाश की जा रही है। घायल शिक्षक सुनील कुमार ने बताया कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि छात्र ने उन पर हमला क्यों किया। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमले के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है।

 शिक्षकों और अभिभावकों में चिंता का माहौल

पुलिस का कहना है कि आरोपी छात्र की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। साथ ही स्कूल प्रशासन और अन्य छात्रों से पूछताछ कर घटना के कारणों की जांच की जा रही है। स्कूल परिसर में हुई इस घटना के बाद शिक्षकों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है।

Join us on:

Leave a Comment