Nayab Saini lashes out at the opposition over the NEET paper leak: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को NEET पेपर लीक मामले को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष युवाओं को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परीक्षा पेपर लीक के मामलों को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पेपर लीक में शामिल लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए, मामलों की गहन जांच हो और फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जाए। सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी छात्रों के सुरक्षित भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं और उन्होंने NEET पेपर लीक सहित अन्य परीक्षा घोटालों का संज्ञान लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी संसद में इस मुद्दे पर चर्चा करने को तैयार नहीं हैं। यदि विपक्ष के पास कोई रचनात्मक सुझाव हैं तो उन्हें संसद में या केंद्र सरकार के सामने रखना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष से छात्रों की समस्याओं का राजनीतिकरण करने के बजाय परीक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सार्थक चर्चा से ही परीक्षा प्रणाली को और पारदर्शी एवं मजबूत बनाया जा सकता है।
UPA सरकार के समय भी हुए थे पेपर लीक
नायब सिंह सैनी ने कहा कि UPA सरकार के दौरान भी कई परीक्षा पेपर लीक के मामले सामने आए थे, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने दावा किया कि पहले शिक्षा क्षेत्र के लिए केवल 8,225 करोड़ रुपये का बजट रखा जाता था, जबकि वर्तमान केंद्र सरकार ने इसे बढ़ाकर 1.39 लाख करोड़ रुपये कर दिया है।
हरियाणा में लागू है सख्त कानून
मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षाओं की पवित्रता बनाए रखने के लिए हरियाणा सरकार ने हरियाणा पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) एक्ट, 2021 लागू किया है। इस कानून के तहत परीक्षा में नकल, पेपर लीक या अन्य अनियमितताओं में दोषी पाए जाने वालों के लिए 2 से 10 साल तक की सजा का प्रावधान है। उन्होंने पड़ोसी राज्य पंजाब का भी जिक्र करते हुए कहा कि हाल ही में एक प्रतियोगी परीक्षा में गलत नाम वाले अभ्यर्थियों को सफल घोषित कर दिया गया था, जिसके बाद हाईकोर्ट ने परिणाम पर रोक लगा दी। बाद में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पूर्व महम विधायक बलराज कुंडू के आवास पर पहुंचकर उनके पिता जिले सिंह कुंडू के निधन पर शोक संवेदना भी व्यक्त की।





