Punjab government accepts demands of MNREGA/VB GRAM G employees: पंजाब सरकार ने मनरेगा/VB GRAM G कर्मचारी यूनियन की लंबे समय से लंबित मांगों को स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही करीब दो महीने से जारी कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हो गई है। वित्त मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने मंगलवार को यूनियन प्रतिनिधियों के साथ हुई अहम बैठक में आपसी सहमति और बातचीत के जरिए इस विवाद का समाधान किया। कई सप्ताह से चल रही वार्ताओं के बाद सरकार और कर्मचारी यूनियन के बीच सहमति बनी। इस समझौते के बाद राज्यभर में 30 जुलाई यानि की आज से VB GRAM G अभियान को सुचारु रूप से शुरू किया जाएगा।
कर्मचारियों की जायज मांगें मंजूर
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि बैठक में कर्मचारियों की सेवा शर्तों, अनुबंध अवधि, VB GRAM G की संरचना में बदलाव, मानदेय और अन्य प्रशासनिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। सरकार ने यूनियन की सभी जायज मांगों को स्वीकार कर लिया है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से पंजाब के करीब 2,000 मनरेगा/VB GRAM G कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा।
कर्मचारी हितों के लिए प्रतिबद्ध है सरकार
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार कर्मचारियों के हितों की रक्षा और सार्वजनिक सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि सरकार का मानना है कि कर्मचारियों की वास्तविक समस्याओं का समाधान केवल संवाद, परामर्श और आपसी सहमति से ही संभव है। आज हुआ समझौता कर्मचारियों के कल्याण और पंजाब में ग्रामीण विकास को मजबूत करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
यूनियन ने वापस ली हड़ताल
समझौते के बाद मनरेगा/VB GRAM G कर्मचारी यूनियन ने तत्काल प्रभाव से अपनी हड़ताल वापस लेने की घोषणा की। यूनियन प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंध का आभार जताया। यूनियन ने आश्वासन दिया कि वह राज्य सरकार के ग्रामीण विकास कार्यक्रमों के सफल संचालन में पूरा सहयोग करेगी।
ये भी पढ़ें- पंजाब सरकार का बड़ा तोहफा, हजारों सफाई सेवक होंगे रेगुलर, 1 अगस्त से बढ़ेगी सैलरी
30 जुलाई से फिर शुरू होगा VB GRAM G अभियान
समझौते के बाद सभी कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर लौटेंगे और 30 जुलाई से पंजाब के सभी गांवों में VB GRAM G अभियान दोबारा शुरू किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को समय पर रोजगार उपलब्ध कराना, टिकाऊ ग्रामीण परिसंपत्तियों का निर्माण तेज करना, ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाना और गांवों में सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार करना है।
ग्रामीण विकास विभाग को सफलता की उम्मीद
ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग ने विश्वास जताया कि कर्मचारियों के पूर्ण सहयोग से VB GRAM G अभियान सफलतापूर्वक लागू होगा। इससे ग्रामीण प्रशासन मजबूत होगा, सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर होगी और पंजाब सरकार के समावेशी, टिकाऊ और समृद्ध ग्रामीण विकास के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी। बैठक में प्रधान सचिव अजीत बालाजी जोशी, संयुक्त विकास आयुक्त शीना अग्रवाल, विशेष सचिव अमित तलवार तथा मनरेगा/VB GRAM G कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।






