Recruitment of 2,000 PTI teachers in Punjab: पंजाब सरकार ने सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। राज्य सरकार ने प्राथमिक कैडर में 2,000 फिजिकल ट्रेनिंग इंस्ट्रक्टर (PTI) शिक्षकों की भर्ती करने का फैसला लिया है। इस भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत 31 जुलाई से होगी। लंबे समय से शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए यह सुनहरा अवसर माना जा रहा है।
शिक्षा विभाग के अनुसार, भर्ती से जुड़ी शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण नियम, चयन प्रक्रिया और आवेदन शुल्क सहित सभी विस्तृत दिशा-निर्देश जल्द जारी किए जाएंगे। भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही उम्मीदवारों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है, ताकि आवेदन या भर्ती से जुड़ी किसी भी समस्या का समाधान किया जा सके।
शिक्षा विभाग में सबसे ज्यादा भर्तियां
मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार का दावा है कि मार्च 2022 से अब तक राज्य में 67,037 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। इनमें सबसे अधिक 16,308 नियुक्तियां शिक्षा विभाग में हुई हैं। सरकार के अनुसार, इसी अवधि में पंजाब पुलिस में 12,966, पावर विभाग (PSPCL/PSTCL) में 8,765, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में 6,320 और स्थानीय निकाय विभाग में 5,771 युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।
ये भी पढ़ें- 2 हजार कर्मचारियों को मिलेगा लाभ, आज से पूरे राज्य में दोबारा शुरू होगा VB GRAM G अभियान
5.5 लाख रोजगार के अवसर बनने का दावा
राज्य सरकार का कहना है कि सरकारी नौकरियों के अलावा पिछले चार वर्षों में करीब 5.5 लाख रोजगार के अवसर निजी और अन्य क्षेत्रों में भी सृजित किए गए हैं। सरकार का उद्देश्य राज्य के युवाओं को पंजाब में ही रोजगार उपलब्ध कराकर पलायन को कम करना है।
मेरिट के आधार पर होगी भर्ती
सरकार ने कहा कि वर्ष 2022 के बाद सभी सरकारी भर्तियां पूरी पारदर्शिता और मेरिट के आधार पर की गई हैं। भर्ती प्रक्रिया में रिश्वतखोरी और राजनीतिक सिफारिश को कोई स्थान नहीं दिया गया है। सरकार का यह भी दावा है कि 2022 के बाद भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक का कोई मामला सामने नहीं आया है।






