Gaganjot Sandhu suicide case: पंजाब के रूपनगर जिले से एक दुखद खबर आई है। हरियाणा के पूर्व मंत्री स्वर्गीय जसविंदर सिंह संधू के पुत्र गगनजोत संधू की गोली लगने से मौत हो गई है। यह घटना शुक्रवार को पुरखाली गांव के कक्कोट फार्महाउस में घटी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, गगनजोत ने खुद को गोली मार ली है। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
फार्महाउस में गोलीबारी की सूचना मिली
बताया जा रहा है कि गगनजोत संधू शुक्रवार को रूपनगर पहुंचे थे। उस समय वे फार्महाउस में अकेले थे। कुछ देर बाद फार्महाउस में गोलीबारी की सूचना मिली। देर रात घटना की सूचना मिलते ही रूपनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल की गहन जांच की। इसके बाद घटना से संबंधित साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया था। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर रूपनगर के सरकारी अस्पताल भेज दिया था। शव का पोस्टमार्टम यहीं किया गया था।
पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की कर रही है जांच
रूपनगर सदर पुलिस स्टेशन के एसएचओ सनी खन्ना ने बताया कि मामले की जांच फिलहाल जारी है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के बारे में कुछ स्पष्ट कहा जा सकता है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। गगनजोत संधू हरियाणा के कुरुक्षेत्र की राजनीति से भी जुड़े रहे हैं। कहा जाता है कि उन्होंने गुमथला गरहू गांव के सरपंच के रूप में दो बार कार्य किया था। अभी यह सामने नहीं आया कि सुसाइड क्यों किया, पुलिस इसे घरेलू झगड़े में उठाया गया कदम बता रही है, लेकिन झगड़ा क्या था, इसकी जानकारी किसी को नहीं है।
HIV नियंत्रण में हरियाणा ने हासिल की बड़ी सफलता, राष्ट्रीय ’95-95-95′ लक्ष्यों के पहुंचा करीब
पिता स्वर्गीय जसविंदर सिंह संधू चार बार रहे विधायक
उनके पिता, स्वर्गीय जसविंदर सिंह संधू, हरियाणा की राजनीति में सक्रिय थे। वे चार बार विधायक रहे और ओपी चौटाला सरकार में मंत्री भी बने। उनका देहांत 2019 में हुआ। गगनजोत संधू उनके बेटे थे। फिलहाल, मौत के कारणों का पूरी तरह से पता पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
आज हुआ अंतिम संस्कार
बेटे आफताब ने मुखाग्नि देकर गगनजोत संधू का अंतिम संस्कार किया। उनका छोटा बेटा स्पेन में पढ़ाई करता है, जिस कारण वह अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सका।






