
कुरुक्षेत्र:-हरियाणा में कुरुक्षेत्र में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की वीजा एजेंट के घर पर रेड चल रही है। पिहोवा के मॉडल टाउन में ED की टीम प्राइवेट गाड़ी से मौके पर पहुंची और एजेंट के घर को अंदर से बंद कर जांच कर रही है।
किसी को अंदर आने की इजाजत नहीं है। इसलिए घर के बाहर सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। हालांकि टीम ने स्थानीय प्रशासन को मामले की सूचना जरूर दी, लेकिन रेड में किसी को साथ और शामिल नहीं रखा है। अब तक टीम ने किसी के साथ कोई सूचना शेयर नहीं की।
एजेंट का पंजाब-हिमाचल तक फैला नेटवर्क
वीजा एजेंट विशाल चावला का हरियाणा के साथ पंजाब और हिमाचल प्रदेश तक नेटवर्क फैला है। इन राज्य से विशाल चावला कई लोगों को विदेश भेज चुका है। ED ने करीब 5 महीने पहले भी पिहोवा और इस्माइलाबाद के 2 एजेंट के ठिकानों पर भी रेड की थी।
इन एजेंट पर लोगों को अवैध तरीके से डंकी रूट से अमेरिका और अन्य देशों में भेजने का शक है। इसी साल फरवरी और नवंबर में जिले के कई युवक अमेरिका से डिपोर्ट होकर लौटे हैं। आशंका यही है कि ED अमेरिका के बदले कितनी रकम वसूली गई, उसकी जांच के लिए पहुंची है।
पिछले महीने एजेंट के घर हुई चोरी
पिछले महीने एजेंट विशाल चावला के घर चोरी हुई थी। चोर दरवाजे से दाखिल होकर घर से करीब 5 लाख रुपए, विदेश करेंसी और ज्वैलरी चुराकर फरार हो गए थे। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है। वहीं रेड से पहले एजेंट के फरार होने का शक है।






