रेवाड़ी: रेवाड़ी में सेना के जवान ने घर में फंदे से लटकर अपनी जान दे दी। फिलहाल जवान की पोस्टिंग बाड़मेर में थी। बताया जा रहा है कि 25 दिन पहले ही जवान छुट्टी लेकर घर पर आया था।
परिवार के द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, जवान अकेले कमरे में सोया हुआ था। बुधवार की सुबह जब वो काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आया तो परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला। दरवाजा खोलते ही योगेश पंखें पर फंदे से लटकता मिला। परिजनों ने उसे नीचे उतारा और कोसली सिविल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नाहड़ चौकी पुलिस ने घटना की जानकारी प्राप्त होते ही शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शव के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों का कहना है कि कई दिनों से जवान डिप्रेशन में था। लेकिन अभी तक इसकी वजह साफ नहीं हो पायी है।
जवान की पत्नी हैं गर्भवती
मृतक जवान की पहचान रेवाड़ी के गांव नेहरूगढ़ निवासी 28 वर्षीय योगेश निनानियां के रूप में हुई है। वो साल 2022 में सेना में भर्ती हुए थे। उनका करीब सवा साल का बेटा है और पत्नी गर्भवती हैं। मां की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में पिता के अलावा दादा-दादी भी हैं। छोटा भाई भी शादीशुदा है और प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है।
पुलिस ने कहा डिप्रेशन में था जवान
नाहड़ चौकी इंचार्ज अरविंद यादव ने बताया कि हमें सुबह गांव नेहरूगढ़ में सुसाइड की सूचना मिली थी। मृतक भारतीय सेना के जवान थे। शव को कब्जे में लेने के बाद भाई के बयान पर कार्रवाई कर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिवार ने जवान के डिप्रेशन में होने की बात कही है। मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।






