Nuh: हरियाणा के नूंह जिले के बिछौर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले एक गांव में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर उसका वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। युवती अपने साथ हुए इस जघन्य अपराध को सहन नहीं कर पायी और उसने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। परिवार के लोग युवती को लेकर जबतक अस्पताल पहुंचे तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
लेकिन मरने से पहले युवती ने अपने साथ हुए दुष्कर्म से जुड़ी पूरी वारदात पुलिस को बता दी। इसकी वीडियो रिकार्डिंग भी पुलिस और परिजनों के पास है। मृतका के पिता ने पुलिस को शिकायत देकर 2 नामजद और 3 से 4 अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए अल आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा भिजवा दिया। जहां बोर्ड द्वारा युवती का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी
मृतका के पिता ने पुलिस को जानकारी देते हुए बताया कि बीते 18 मई को वह बाहर किसी जरूरी काम से गए हुए थे। घर में उनकी 20 वर्षीय बेटी अकेली सो रही थी। लड़की को अकेला पाकर रात करीब 1 बजे अरशद पुत्र उस्मान और जाहुल पुत्र मुबीन अपने 3 से 4 साथियों के साथ घर के अंदर घुस गए और उनकी लड़की को दबोच लिया।
पिता का आरोप है कि जब उनकी बेटी ने अपने बचाव में शोर मचाना शुरू किया तो आरोपियों ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और बारी बारी से दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पिता का आरोप है कि उक्त आरोपियों ने उनकी बेटी की अश्लील वीडियो अपने फोन में रिकॉर्ड कर ली और किसी को बताने पर वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगे।
बदनामी से बचने के लिए युवती ने खाया जहर
पिता ने बताया कि उनकी बेटी से दुष्कर्म करने के बाद फिर 19 मई को आरोपियों ने फोन कर उसे अकेले में कहीं पर बुलाया। जब युवती ने आने से मना कर दिया तो आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगे। पीड़िता ने बदनामी से बचने के लिए जहर खा लिया। जब परिजनों को खबर लगी तो वो आनन-फानन में .युवती को अस्पताल लेकर भागे लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो चुकी थी।






