सोनीपत: सोनीपत के राई में स्थित सोनीपत स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के स्वीमिंग पुल में गुरुवार की रात एक स्टूडेंट की लाश तैरती हुई मिली। मृत छात्र की पहचान दिल्ली के गौतम नगर निवासी निशांत के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस घटना के बाद पूरे यूनिवर्सिटी परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
पीजी डिप्लोमा की पढ़ाई कर रहा था निशांत
निंशात सोनीपत स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा में पीजी डिप्लोमा की पढ़ाई कर रहा था। पढ़ाई के साथ-साथ वह क्रिकेट की कोचिंग भी ले रहा था। कल देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी लाश स्वीमिंग पुल में मिली। साथी छात्रों ने घटना की जानकारी यूनिवर्सिटी प्रशासन को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
स्वीमिंग पुल से निकालकर आनन-फानन में निशांत को सोनीपत के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। देर रात शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
हादसे के पीछे कोई साजिश
निशांत के चाचा कुलदीप ने कहा कि, हम चाहते हैं कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच हो। निशांत एक अच्छा तैराक था, ऐसे में स्विमिंग पूल में डूबने से मौत कैसे हुई, यह समझ में नहीं आ रहा है। हमें शक है कि कहीं इसके पीछे कोई साजिश तो नहीं है। परिवार को सच जानना जरूरी है। उन्होंने बताया कि निशांत शादीशुदा था और कुछ महीने पहले ही उसके घर बेटे का जन्म हुआ था। इस हादसे ने पूरे परिवार को तोड़ दिया है।
स्वीमिंग पुल को किया गया सील
इस घटना को लेकर यूनिवर्सिटी के कुलपति अशोक कुमार ने कहा कि, “यह यूनिवर्सिटी के लिए बेहद दुखद घटना है। निशांत नाम के छात्र की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हुई है। वह क्रिकेट पीजी डिप्लोमा कोर्स का छात्र था। घटना के बाद स्विमिंग पूल को सील कर दिया गया है। मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया गया है, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके।
निशांत खेल मंत्री का था भाई
खबरों की माने तो निशांत हरियाणा के राज्य खेल मंत्री गौरव गौतम की बुआ का लड़का था। निशांत की मौत की खबर मिलते ही परिवार में सन्नाटा पसरा हुआ है।






