4 दिन से लापता युवक का शव कुरुक्षेत्र के हिनौरी पुल के पास हुआ बरामद

SHARE:

Yamunagar: यमुनानगर जिले के जठलाना क्षेत्र में आने वाले एक गांव मोहड़ी के 4 दिनों से लापता युवक का शव  कुरुक्षेत्र के हिनौरी पुल के पास पश्चिमी यमुना नहर के पास बरामद हुआ। मृत युवक की पहचान गांव मोहड़ी निवासी 29 वर्षीय मुबारक अली खान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अली बीते चार दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता था। तीन बहनों के इकलौते भाई की इस तरह मौत होने से पूरे इलाके में शोक की लहर है। वहीं, शव मिलने के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे इस मामले में गहरी साजिश की आशंका जता रहे हैं।

21 मई को घर से ड्यूटी के लिए निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा

मुबारक अली यमुनानगर के किसी नामी पॉली प्लास्टिक कंपनी में सुपरवाइजर था। परिवार के सदस्यों ने बताया कि वह 21 मई की शाम को हमेशा की तरह घर से अपनी ड्यूटी के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो उनकी चिंता बढ़ी। परिवार ने जब कंपनी में संपर्क साधा तो पता चला कि मुबारक उस दिन काम पर पहुंचा ही नहीं था। इसके बाद जब उसे फोन लगाने की कोशिश की गई तो उसका मोबाइल भी लगातार बंद आ रहा था। काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो जठलाना थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

नहर किनारे लावरिस हालात में मिली बाइक

रविवार की सुबह गांव के बाहर नहर के किनारे मुबारक की बाइक लावारिस हालत में खड़ी मिली। बाइक मिलने से अनहोनी का अंदेशा सच में बदल गया और रविवार देर शाम कुरुक्षेत्र पुलिस की मदद से उसका शव हिनौरी पुल के पास नहर से निकाल लिया गया। इस घटना के बाद परिजनों ने जठलाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि पुलिस ने शुरुआती चार दिनों तक मामले को हल्के में लिया। अगर पुलिस समय रहते तत्काल कार्रवाई करती और मुबारक की मोबाइल लोकेशन को ट्रेस कर लेती, तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी।

 

Join us on:

Leave a Comment