पानीपत: पानीपत जिले के मतलौडा थाना क्षेत्र के वैसर गांव से सनसनीखेज का मामला सामने आया है। यहां एक 18 वर्षीय बेटे ने अपनी मां के प्रेमी का गला घोंट कर हत्या कर दी। इस हत्याकांड को अंजाम देने के बाद खुद आरोपी युवक ने पुलिस को फोन करके सारी जानकारी देते हुए खुद को आत्मसमर्पण कर दिया।
मां के प्रेमी को घर में देख आगबबूला हुआ बेटा
पुलिस के द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, मृतक शख्स की पहचान सतीश उर्फ लौंडा के रूप में हुई है। बीती रात करीब 11 बजे सतीश अपनी महिला मित्र से मिलने उसके घर में घुसा था। इसी दौरान महिला के 18 वर्षीय बेटे विकास नरवाल ने सतीश को घर के अंदर देख लिया।-मां के प्रेमी को देर रात घर में देखकर विकास अपना आपा खो बैठा। गुस्से में आकर उसने पास ही पड़े एक परने (अंगोछे) से सतीश का गला घोंट दिया। दम घुटने के कारण सतीश की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विकास के पिता लंबे समय से लकवे (पैरालिसिस) की बीमारी से पीड़ित हैं और बिस्तर पर हैं।
हत्याकांड के बाद पुलिस को फोन कर खुद दी जानकारी
इस हत्याकांड को अंजाम देने के बाद विकास ने खुद डायल-112 और स्थानीय पुलिस को फोन करके हत्या करने की बात कही। सूचना मिलते ही मतलौडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए पानीपत के सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत और आरोपी के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कार्रवाई की जा रही है।






