नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने गुरुवार को कई राज्यों में संगठनात्मक बदलाव करते हुए नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा की। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली बीजेपी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है, जबकि वरिष्ठ नेता केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब बीजेपी की कमान सौंपी गई है। इन नियुक्तियों की घोषणा बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने की।
त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय नए प्रदेश अध्यक्ष
बीजेपी ने त्रिपुरा में भी बड़ा बदलाव करते हुए अभिषेक देबरॉय को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। वहीं हरियाणा में अर्चना गुप्ता को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी का यह कदम आने वाले चुनावों और संगठन को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
दिल्ली में हर्ष मल्होत्रा बने नए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष
दिल्ली में हर्ष मल्होत्रा की नियुक्ति को खास तौर पर अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि पार्टी राजधानी में अपने संगठन को और मजबूत करने तथा राजनीतिक रणनीति को धार देने के लिए यह बदलाव कर रही है।
पंजाब में केवल सिंह ढ़िल्लों को मिली बड़ी जिम्मेदारी
वहीं पंजाब में केवल सिंह ढिल्लों को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। ढिल्लों पहले कांग्रेस में थे, लेकिन 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में उन्हें बरनाला सीट से टिकट नहीं मिला था। इसके बाद उन्होंने पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार का समर्थन नहीं किया, जिस कारण कांग्रेस ने उन्हें निष्कासित कर दिया था। बाद में वे बीजेपी में शामिल हो गए। बीजेपी में आने के बाद केवल सिंह ढिल्लों ने 2022 में संगरूर लोकसभा उपचुनाव और 2024 में बरनाला विधानसभा उपचुनाव बीजेपी टिकट पर लड़ा, हालांकि उन्हें दोनों चुनावों में हार का सामना करना पड़ा। पंजाब में ढिल्लों की नियुक्ति ऐसे समय पर हुई है, जब बीजेपी राज्य में अपनी पकड़ मजबूत करने और आगामी चुनावों से पहले संगठन का विस्तार करने की कोशिश में जुटी हुई है।






