निजी अस्पताल की बड़ी लापरवाही, नसबंदी कराने आयी महिला की तड़प-तड़प कर मौत

SHARE:

भिवानी: भिवानी महम गेट में स्थित एक निजी अस्पताल का बड़ा लापरवाही का मामला सामने आया है। अस्पताल में नसबंदी ऑपरेशन के लिए एक महिला की डॉक्टरों की लापरवाही के कारण मौत हो गई। गुरुवार को जिला नागरिक अस्पताल में बोर्ड की निगरानी में महिला के शव का पोस्टमार्टम किया गया। इस मामले में अब मेडिकल नेग्लिजेंस रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है कि गांव गुजरानी निवासी करीब 40 वर्षीय संतोष को बुधवार सुबह नलबंदी आपरेशन के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। परिवार के अनुसार महिला को सुबह करीब साढ़े 11 बजे आपरेशन थिएटर में ले जाया गया, लेकिन इसके बाद कई घंटों तक उन्हें मरीज से मिलने नहीं दिया गया। परिवार का आरोप है कि अस्पताल कर्मी उन्हें अलग अलग वार्डों के चक्कर कटवाते रहे। बाद में डॉक्टरों ने बताया कि आपरेशन के दौरान महिला को हार्ट अटैक आया है और उसे वेंटिलेटर पर रखना पड़ेगा।

परिवारवालों ने इसकी अनुमति भी दे दी, लेकिन शाम करीब पांच बजे महिला की मौत की सूचना दे दी गई। स्वजन ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों ने बताया कि महिला आपरेशन के दौरान काफी देर तक चिल्लाती रही, लेकिन किसी ने उसकी सुध नहीं ली।

परिजनों का कहना है कि अस्पताल में पर्याप्त विशेषज्ञ चिकित्सक और सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं और समय रहते महिला को किसी बड़े अस्पताल में रेफर भी नहीं किया गया। घटना के बाद स्वजन ने अस्पताल के बाहर हंगामा किया और कार्रवाई की मांग को लेकर देर रात तक डटे रहे। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

 

 

Join us on:

Leave a Comment