नूंह में बकरीद पर जमकर हुआ बवाल, लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला, 12 से ज्यादा घायल

SHARE:

नूंह: हरियाणा के नूंह जिले में बकरीद की नमाज के बाद गुरुवार को दो अलग-अलग गांवों में पुराने विवाद को लेकर हिंसक झड़पें हो गईं। इन घटनाओं में 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी गई है।

दो पक्षों में जमकर हुई लड़ाई

पहली घटना निजामपुर गांव में हुई, जहां पंचायत चुनाव की पुरानी रंजिश बकरीद की नमाज के बाद फिर से भड़क उठी। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जमी़ल सरपंच और रमजी गुट के लोग ईदगाह से नमाज पढ़कर लौट रहे थे, तभी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव किया और लाठी-डंडों व कुल्हाड़ियों से हमला कर दिया। अचानक हुई हिंसा से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

झड़प में 6 से ज्यादा लोग घायल

इस झड़प में छह से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही अकेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अकेड़ा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दूसरी घटना में 12 लोग घायल

दूसरी घटना सिंगार गांव में हुई, जहां पुराने विवाद को लेकर दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों तथा लोहे की रॉड से हमला शुरू कर दिया। इस हिंसा में भी आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए। सूचना पर बिछौर थाना पुलिस गांव पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। सभी घायलों को पुन्हाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

डॉक्टरों के मुताबिक एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। उसके सिर में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे नल्हड़ स्थित शहीद राजा हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुन्हाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर डॉ. जतिन बेनीवाल ने बताया कि सभी घायलों का इलाज उनकी चोटों के अनुसार किया जा रहा है। वहीं बिछौर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखबीर ने कहा कि अब तक किसी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं मिली है।

Join us on:

Leave a Comment