Bomb threat Bathinda court : मंगलवार को बठिंडा जिला कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी ने पूरे शहर में हडकंप मचा दिया। ये धमकी ईमेल के माध्यम से दी गई। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पुलिस, खुफिया एजेंसियों और सुरक्षा बलों में अफरा-तफरी मच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट परिसर को पुलिस ने सुरक्षा घेरे में लिया और सभी प्रवेश व निकास द्वार को बंद कर दिया गया।
परिसर में आने-जाने पर लगा दी गई रोक
जैसे ही यह सूचना प्राप्त हुई बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और पुलिस की विशेष टीमें मौके पर पहुंच गईं। पूरे कोर्ट परिसर, पार्किंग, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों की बारीकी से तलाशी ली गई। कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान अदालत परिसर में आने-जाने वालों पर भी रोक लगा दी गई, जिससे वहां मौजूद लोगों में चिंता और दहशत का माहौल बना रहा। पुलिस अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई थी, जिसके बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई। शुरुआती जांच में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही हैं।
ये भी पढ़ें- हरियाणा के नूंह में गौ तस्करों और पुलिस के बीच जमकर हुई मुठभेड़, गोली लगने से एक तस्कर घायल
मामले की हर पहलू से जांच जारी
इस मामले में साइबर सेल भी एक्टिव हो गया है। विशेषज्ञों की टीम ईमेल भेजने वाले की पहचान और उसके स्रोत तक पहुंचने के लिए तकनीकी जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि धमकी को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। इस घटना ने कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है। सर्च अभियान पूरी तरह समाप्त होने और सुरक्षा एजेंसियों की हरी झंडी मिलने के बाद ही अदालत की सामान्य गतिविधियां बहाल की जाएंगी।






