कैथल: हरियाणा के कैथल जिले में शनिवार तड़के होटल में लूट की कोशिश और बाद में एक युवक से स्कूटर व नकदी छीनकर फरार हुए चार बदमाशों में से तीन को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक आरोपी मौके से भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि शनिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि चार हथियारबंद युवकों ने कलायत क्षेत्र के एक होटल में लूटपाट का प्रयास किया है। होटल में वारदात को अंजाम देने में असफल रहने के बाद आरोपियों ने कैथल के बालराज नगर इलाके में एक युवक को बंदूक की नोक पर धमकाकर उसका स्कूटर और नकदी लूट ली।
पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा
घटना की गंभीरता को देखते हुए कैथल के पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सुदान ने सभी अपराध जांच इकाइयों को आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट, सीआईए-1, एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ और सीआईए कलायत की संयुक्त टीमों ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीमों ने भैणी माजरा शुगर मिल के पास स्कूटर पर सवार चारों संदिग्धों को रोकने की कोशिश की और उन्हें आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। आरोप है कि इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसके बाद तीन आरोपियों को दबोच लिया गया।
कैश काउंटर तोड़कर नकदी लूटने का प्रयास किया
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जींद जिले के खांडा खेड़ी गांव निवासी साहिल, हिसार जिले के मीरपुर निवासी अशोक और खांडा खेड़ी निवासी अंकित के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान तीनों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। चौथा आरोपी मौके से फरार हो गया। डीएसपी ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने भैणी गांव और शुगर मिल कॉलोनी क्षेत्र में कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस का दावा है कि उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने शनिवार तड़के कलायत के एक होटल में घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट की और कैश काउंटर तोड़कर नकदी लूटने का प्रयास किया था। हालांकि होटल मालिक, कर्मचारियों और वहां मौजूद ग्राहकों के विरोध के कारण वे अपनी योजना में सफल नहीं हो सके और वहां से भाग निकले।
ये भी पढ़ें- विधानसभा चुनाव से पहले AAP ने विधायकों को गांव-गांव जाकर जनसंपर्क अभियान करने के दिए निर्देश
पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि कैथल पहुंचने से पहले आरोपियों ने हिसार के अग्रोहा क्षेत्र में एक दुकान से करीब 40 हजार रुपये की लूट की थी। इतना ही नहीं, शुरुआती जांच में इनके चंडीगढ़ में 15 से 20 दिन पहले हुई दो अलग-अलग लूट की वारदातों में भी शामिल होने की आशंका जताई गई है, जहां 20 हजार और 50 हजार रुपये लूटे गए थे।पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य खुलासे पूछताछ के बाद सामने आ सकते हैं।






