अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे हरियाणा के राज्यपाल

SHARE:

चंडीगढ़:  23 जून को चंडीगढ़ में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस समारोह में हरियाणा के राज्यपाल आशिम कुमार घोष मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस संबंध में हॉकी चंडीगढ़ के अध्यक्ष करण गिलहोत्रा ने राज्यपाल को औपचारिक निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। यह कार्यक्रम सेक्टर-42 स्थित सेक्टर 42 हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। मुलाकात के दौरान हॉकी चंडीगढ़ के अध्यक्ष ने राज्यपाल को चंडीगढ़ सीनियर पुरुष एवं महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 और ओलंपिक दिवस समारोह की तैयारियों की जानकारी दी।

खेल के विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सदस्यों को किया सम्मानित

बताया गया कि हॉकी चंडीगढ़ के तत्वावधान में आयोजित होने वाली सीनियर पुरुष एवं महिला हॉकी चैंपियनशिप 17 जून से शुरू होकर 23 जून तक चलेगी। प्रतियोगिता का समापन फाइनल मुकाबलों और विशेष सम्मान समारोह के साथ किया जाएगा। हॉकी चंडीगढ़ के अनुसार अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना और ओलंपिक मूल्यों, उत्कृष्टता, मित्रता और सम्मान को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर ओलंपियन खिलाड़ियों, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों, तकनीकी अधिकारियों, अंपायरों और हॉकी चंडीगढ़ से जुड़े उन सदस्यों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने खेल के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

ये भी पढ़ें- रेवाड़ी में अपराध की दरों में हुई बड़ी गिरावट, 2026 के पहले 5 महीने के आंकड़े जारी

राज्यपाल ने कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी

राज्यपाल ने कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति देते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और ऐसे आयोजन युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने में अहम योगदान देते हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और उन्हें स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।

 

Join us on:

Leave a Comment