कैथल: कैथल बस अड्डे पर एक युवक पर नुकीले हथियार से किए गए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपियों को घटनास्थल पर भी लेकर गई, जहां वारदात का पुनर्निर्माण कराया गया और हमले की सही जगह की पहचान की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पाई गांव निवासी अंकित उर्फ मोटा, कासन गांव निवासी शिल्ली, जींद जिले के सांडील गांव निवासी रॉबिन तथा देवबन गांव निवासी सचिन के रूप में हुई है।
नुकीले हथियार से किया ताबड़तोड़ हमला
सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश चंद्र ने बताया कि यह मामला नरवाल गांव निवासी ललित की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार, 10 जून की शाम करीब 5:30 बजे वह अपने दोस्त अंकुश के साथ आईटीआई से कैथल बस अड्डे पहुंचा था। बस अड्डे पर उनकी मुलाकात अंकित, शिल्ली, रॉबिन और उनके अन्य साथियों से हुई, जिनके साथ पहले से रंजिश चली आ रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि अंकित और शिल्ली ललित को एक तरफ ले गए और फिर उस पर नुकीले हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर युवक को बचाया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
ये भी पढ़े- नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन में हरियाणा बना नंबर 1, 100% ई-समन जारी करने वाला देश का अग्रणी राज्य
चारों आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि सीआईए-1 प्रभारी उपनिरीक्षक जसवंत सिंह और सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश चंद्र के नेतृत्व में संयुक्त अभियान चलाकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और हिंसक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मामले की जांच अभी भी जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।






