मोहाली: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग में चयनित 523 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने उस दौर को समाप्त कर दिया है जब सरकारी नौकरियों का निर्धारण पैसे और राजनीतिक प्रभाव के आधार पर होता था। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि बीते चार सालों में राज्य में 67,563 सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया लागू कर युवाओं का विश्वास बहाल किया है।
‘मेधा के आधार पर मिल रही नौकरी’
सीएम मान ने कहा कि अब सरकारी भर्तियां पूरी तरह योग्यता (मेरिट) के आधार पर हो रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले के समय में भ्रष्टाचार और सिफारिश के कारण योग्य युवाओं को अवसर नहीं मिल पाते थे, लेकिन अब व्यवस्था में बड़ा बदलाव हुआ है।
युवाओं को पलायन से रोकने की कोशिश
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से राज्य के युवाओं का पंजाब छोड़कर रोजगार के लिए बाहर जाने का रुझान कम होगा। सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक युवाओं को राज्य के भीतर ही रोजगार के अवसर मिलें।
ये भी पढ़ें- महीनों की अटकलों पर लगा विराम, हरियाणा के 14 जिले बने रहेंगे NCR में
सरकार के रोजगार अभियान पर जोर
मुख्यमंत्री मान ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों में लगातार भर्तियां की जा रही हैं। सरकार का दावा है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और सभी नियुक्तियां निष्पक्ष तरीके से की जायेंगी।






