सिरसा में दो सरकारी कर्मचारियों की मौत से हड़कंप, एक मामले में मानसिक उत्पीड़न के आरोप

SHARE:

सिरसा: हरियाणा के सिरसा जिले में इस सप्ताह के दौरान दो सरकारी कर्मचारियों की मौत से हड़कंप मच गया। दोनों मामलों को प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

पहला मामला चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय से जुड़ा 

पहला मामला चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय (CDLU) से जुड़ा है। विश्वविद्यालय के लेखा शाखा में कार्यरत 46 वर्षीय क्लर्क प्रवीण कपूर की रविवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया गया कि शनिवार शाम ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने किसी व्यक्ति या संस्था पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस ने उनके बयान के आधार पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

कार्यस्थल पर जातिसूचक टिप्पणियां किए जाने के आरोप

वहीं दूसरा मामला माधोसिंघाना स्थित सरकारी पशु चिकित्सालय का है, जहां 28 वर्षीय पशुधन विकास सहायक (VLDA) अशोक कुमार मृत पाए गए। अशोक वर्ष 2022 से अस्पताल में कार्यरत थे और मूल रूप से ऐलनाबाद के कैरांवाली गांव के निवासी थे। अशोक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि वह लंबे समय से अत्यधिक कार्य दबाव में थे और कुछ कर्मचारियों द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जा रहे थे। परिवार का कहना है कि उन्हें लगभग 4,500 पशुओं के टीकाकरण की जिम्मेदारी दी गई थी। साथ ही कार्यस्थल पर जातिसूचक टिप्पणियां किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं। मृतक के भाई रवि ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिवार ने मौत की परिस्थितियों पर भी सवाल उठाए हैं और विस्तृत जांच कराने की अपील की है।

ये भी पढ़ें- 2047 तक विकसित हरियाणा का लक्ष्य, सरकार तैयार करेगी जनभागीदारी वाला ब्लूप्रिंट

 जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों और परिस्थितियों पर स्पष्ट निष्कर्ष

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मललेकां पुलिस चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोनों घटनाओं ने जिले के सरकारी कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों और परिस्थितियों पर स्पष्ट निष्कर्ष सामने आ सकेगा।

 

Join us on:

Leave a Comment