हांसी: हांसी में हिसार स्टेट विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाही को अंजाम दिया। विजिलेंस ब्यूरो ने बुधवार को नगर परिषद के कच्चे कर्मचारी को 16,500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोप है कि नगर परिषद नारनौंद के एक ठेकेदार का 11 लाख रुपए का बिल पास करवाने के नाम पर कर्मचारी ने रिश्वत ली। इस पूरे मामले में नगर परिषद हांसी के EXN विक्की कुमार को भी नामजद आरोपी बनाया गया है। निरीक्षक महेंद्र सिंह के नेतृत्व में विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। रवि कुमार निवासी आर्य नगर, हांसी को भाई जी होटल के सामने से रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। रवि नगर परिषद हांसी में कच्चे कर्मचारी के तौर पर कार्यरत है और पार्कों के रखरखाव का कार्य भी देखता था।
ठेकेदार ने की थी शिकायत
नगर परिषद नारनौंद में ठेकेदारी का काम करने वाले शिकायतकर्ता कुलदीप भुक्कल ने विजिेंस को शिकायत दर्ज की थी। अपनी शिकायत में उन्होंने कहा था कि उनके मृत मौसेरे भाई का करीब 11 लाख रुपये का बिल नगर परिषद में लंबित था।कुलदीप के अनुसार, संबंधित फाइल पर सभी अधिकारियों के हस्ताक्षर हो चुके थे, लेकिन EXN विक्की कुमार, जिनके पास नगर परिषद हांसी का अतिरिक्त कार्यभार भी है, फाइल पर हस्ताक्षर नहीं कर रहे थे। आरोप है कि EXN ने कुलदीप से रवि कुमार से मिलने और सामान देने को कहा, तभी बिल पास होने की बात कही गई।
ये भी पढ़ें- ‘डिजिटल अरेस्ट’ साइबर ठगी मामले में 16 राज्यों में छापेमारी, 80 से ज्यादा ठिकानों पर रेड
रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोचा
शिकायत प्राप्त होने के बाद विजिलेंस टीम ने शिकायत का सत्यापन किया और एक योजनाबद्ध ट्रैप लगाया। कर्मचारी रवि कुमार ने बुधवार को जैसे ही शिकायतकर्ता से 16,500 रुपए की रिश्वत ली, पहले से तैनात विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ दबोच लिया। रिश्वत की राशि भी मौके से बरामद कर ली गई। विजिलेंस के जांच अधिकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी रवि कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि नगर परिषद हांसी के EXN विक्की कुमार इस मामले में नामजद आरोपी हैं और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।






