Delhi-Amritsar-Katra Expressway: दिल्ली और चंडीगढ़ के बीच यात्रा करने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तर भारत में बन रहे नए एक्सप्रेसवे नेटवर्क के पूरा होने के बाद दोनों शहरों के बीच सफर का समय मौजूदा 5-6 घंटे से घटकर करीब 2 घंटे रह जाएगा। इससे यात्रियों, पर्यटकों और कारोबारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब को आपस में जोड़ेगा।
दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे बनेगा गेम चेंजर
दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे देश की सबसे बड़ी सड़क अवसंरचना परियोजनाओं में से एक है। करीब 38,905 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस एक्सप्रेसवे को 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के लिए डिजाइन किया गया है। यह एक्सेस-कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे दिल्ली को हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर से जोड़ेगा और उत्तर भारत में यात्रा के समय को काफी कम कर देगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस एक्सप्रेसवे के अधिकांश हिस्से 2026 के अंत से मार्च 2027 के बीच चालू हो सकते हैं।
ऐसे तय होगा दिल्ली से चंडीगढ़ का नया रूट
एक्सप्रेसवे नेटवर्क पूरा होने के बाद दिल्ली से चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों को कई आपस में जुड़े हाई-स्पीड कॉरिडोर का लाभ मिलेगा। यात्रा की शुरुआत द्वारका एक्सप्रेसवे से होगी। इसके बाद वाहन अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-II) से होते हुए कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर पहुंचेंगे। यहां से यात्री दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे में प्रवेश करेंगे। यात्रा के अंतिम चरण में ट्रांस-हरियाणा एक्सप्रेसवे के जरिए अंबाला होते हुए चंडीगढ़ तक निर्बाध पहुंच मिलेगी। यह नया नेटवर्क राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (NH-44) पर लगने वाले कई ट्रैफिक जाम और बाधाओं को खत्म करने में मदद करेगा।
ये भी पढ़ें- पंजाब में SIR शुरू होते ही सीएम भगवंत मान का बड़ा दावा, BJP पर लगाया वोट कटवाने का आरोप
दिल्ली से अमृतसर सिर्फ 4 घंटे में, कटरा पहुंचने में लगेंगे करीब 6 घंटे
इस परियोजना का फायदा सिर्फ चंडीगढ़ तक सीमित नहीं रहेगा। एक्सप्रेसवे के पूरी तरह चालू होने के बाद दिल्ली से अमृतसर का सफर करीब 4 घंटे में पूरा हो सकेगा, जबकि दिल्ली से कटरा पहुंचने में करीब 14 घंटे की बजाय सिर्फ 6 घंटे लगेंगे।
धार्मिक और औद्योगिक क्षेत्रों को मिलेगा बड़ा फायदा
यह परियोजना उत्तर भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों, पर्यटन केंद्रों और औद्योगिक शहरों की कनेक्टिविटी को भी मजबूत करेगी। बेहतर सड़क नेटवर्क से व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।






