प्रेम संबंध बना मौत की वजह, शादी छिपाने पर विवाद के बाद युवती को जिंदा जलाया

SHARE:

Businessman burns girlfriend to death: हरियाणा के गुरुग्राम में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 19 जून 2026 को सोहना रोड स्थित एक अपार्टमेंट में 35 वर्षीय एक कारोबारी ने कथित तौर पर अपनी 23 वर्षीय प्रेमिका को आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी युवती ने इलाज के दौरान 1 जुलाई को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी ने छिपाई थी पहले से शादीशुदा होने की बात

मृतका गुरुग्राम के सेक्टर-9 स्थित बसई इलाके की रहने वाली थी, जबकि आरोपी झज्जर जिले के गुबाना गांव का निवासी है। हालांकि, वह गुरुग्राम में रहकर सर्राफा कारोबार करता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि करीब डेढ़ साल पहले युवती अपने कुछ सोने के आभूषण बेचने आरोपी की दुकान पर गई थी। वहीं दोनों की मुलाकात हुई और बाद में उनके बीच प्रेम संबंध बन गए। आरोप है कि आरोपी ने युवती से यह बात छिपाई थी कि वह पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं।

ये भी पढ़ें- IIT-JEE में सफलता पर सम्मानित हुए छात्र, CM सैनी ने दी नई सौगात

मिट्टी तेल डालकर प्रेमिका को जला दिया

जब युवती को उसकी शादी के बारे में पता चला तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। पुलिस के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले युवती आरोपी की सेक्टर-9 स्थित दुकान पर पहुंची और उससे इस बारे में सवाल किया। इसी दौरान गुस्से में आरोपी ने उस पर मिट्टी का तेल डाल दिया। इसके बाद आरोपी उसे सोहना रोड स्थित अपार्टमेंट में ले गया। अगले दिन दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई। उस समय युवती ने वही कपड़े पहन रखे थे जिन पर मिट्टी का तेल पड़ा हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने माचिस से उसे आग लगा दी।

गंभीर रूप से झुलसी युवती को पहले सेक्टर-51 के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। शुरुआत में युवती ने अपने परिवार को बताया था कि वह चाय बनाते समय जल गई थी, लेकिन मौत से पहले उसने बयान दिया कि आरोपी ने ही उसे आग लगाई थी। युवती की मौत के बाद उसके भाई की शिकायत पर सेक्टर-9ए थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी की दुकान से उसका मोबाइल फोन और मिट्टी के तेल से भरी एक बोतल बरामद की है। मामले की जांच जारी है।

 

Join us on:

Leave a Comment