2 Bishnoi gang shooters killed in Haryana Police encounter: हरियाणा के बहादुरगढ़ में रविवार तड़के हरियाणा पुलिस और दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में लॉरेंस बिश्नोई गैंग (Lawrence Bishnoi gang) के दो शार्प शूटर मुठभेड़ में मारे गए। दोनों बदमाशों पर 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित था और वे हांसी में जिम संचालक की हत्या के मामले में वांछित चल रहे थे। पुलिस के अनुसार, मारे गए बदमाशों की पहचान प्रवेश, निवासी तिब्बा दानाशेर, और हिमांशु, निवासी जाखोद खेड़ा, जिला हिसार, के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
झज्जर के पुलिस अधीक्षक (SP) विक्रांत भूषण (Vikrant Bhushan) ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों बदमाश हथियारों के साथ बहादुरगढ़ पहुंचे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर हरियाणा पुलिस और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में मारे गए दोनों बदमाश
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल के पैर में गोली लगी, जबकि चार अन्य पुलिसकर्मी बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने की वजह से सुरक्षित बच गए। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश भी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें तुरंत बहादुरगढ़ के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें- देश को मिलेगी पहली Hydrogen Powered Train, हरियाणा से होगी शुरुआत
जिम संचालक हत्याकांड में थे वांछित
पुलिस के मुताबिक, दोनों बदमाश 11 जून को हांसी में जिम संचालक कपिल की हत्या के मामले में वांछित थे। उनकी गिरफ्तारी पर हरियाणा पुलिस ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
जांच जारी
मुठभेड़ के बाद घायल पुलिसकर्मी को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर किया गया है। वहीं मामले की आगे की जांच बहादुरगढ़ के डीसीपी मंयक मिश्रा को सौंपी गई है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि दोनों बदमाश बहादुरगढ़ में किस वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका थी।





