गुरुग्राम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नंदल गैंग के 4 बदमाश मार गिराए

SHARE:

Gurugram Police Encounter: हरियाणा के गुरुग्राम में गुरुवार देर रात पुलिस और नंदल गैंग के बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में चार शूटर मारे गए, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। रात करीब 11 बजे सुशांत लोक फेज-2 में हुई इस कार्रवाई को गुरुग्राम पुलिस के इतिहास का सबसे बड़ा एनकाउंटर माना जा रहा है, क्योंकि पहली बार एक ही मुठभेड़ में चार अपराधी मारे गए हैं।

दोनों ओर से चले 40 से ज्यादा राउंड

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से करीब 40 राउंड गोलियां चलीं। इस दौरान सेक्टर-40 क्राइम ब्रांच के एसआई सुनील, कांस्टेबल मनजीत और कांस्टेबल शमशेर घायल हो गए। तीनों का इलाज गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में चल रहा है।

व्यवसायी के घर हमला करने पहुंचे थे बदमाश

पुलिस का कहना है कि बदमाश एसजीटी यूनिवर्सिटी के संस्थापक के बेटे और कारोबारी विशाल बेरी के घर पर हमला करने पहुंचे थे। विशाल बेरी को पिछले एक सप्ताह से विदेश में बैठे गैंगस्टर दीपक नंदल की ओर से एक करोड़ रुपये की रंगदारी की धमकियां मिल रही थीं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने सादे कपड़ों में जवानों को पहले से ही कारोबारी के घर के बाहर तैनात कर रखा था।

तीन तरफ से घेरकर किया एनकाउंटर

एसीपी सदर धर्मवीर सिंह के मुताबिक, कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि हथियारबंद बदमाश एक कार में घूम रहे हैं। इसी दौरान बदमाश कारोबारी के घर में घुस गए और फायरिंग शुरू कर दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-40, क्राइम ब्रांच-17 और क्राइम ब्रांच-39 की टीमें मौके पर पहुंचीं और तीन तरफ से बदमाशों को घेर लिया। पुलिस ने पहले उन्हें आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों ने गोलीबारी जारी रखी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में घायल हुए पांचों बदमाशों को मेदांता अस्पताल ले जाया गया, जहां चार को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एक आरोपी का इलाज जारी है।

also read: फरीदाबाद में बारिश बनी आफत, 9 साल का बच्चा गड्ढे में गिरा, बाल-बाल बची जान

हथियारों का जखीरा बरामद

पुलिस ने बताया कि मारे गए चार शूटरों में एक फतेहाबाद के टोहाना और तीन रोहतक के रहने वाले थे, जबकि घायल आरोपी नूंह का निवासी है। मौके से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटा लिए हैं और पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड व गैंग से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।

हरियाणा में दुर्लभ कार्रवाई

पूर्व एडीजीपी रेशम पाल सिंह के अनुसार, 1990 के बाद हरियाणा या गुरुग्राम में ऐसा मामला सामने नहीं आया, जब एक ही पुलिस मुठभेड़ में चार अपराधी मारे गए हों। इस कार्रवाई को राज्य के हालिया वर्षों की सबसे बड़ी पुलिस कार्रवाई माना जा रहा है।

 

Join us on:

Leave a Comment